OpenAI ने ChatGPT और कोडेक्स के लिए नया सुरक्षा फीचर किया पेश
क्या है खबर?
OpenAI ने ChatGPT और कोडेक्स यूजर्स के लिए एक नया सिक्योरिटी अपडेट लॉन्च किया है। इसका नाम एडवांस्ड अकाउंट सिक्योरिटी है और इसका मकसद अकाउंट को हैकिंग और फिशिंग अटैक से बचाना है। कंपनी का कहना है कि अब AI टूल्स में पर्सनल और काम से जुड़ी जानकारी ज्यादा स्टोर होती है, इसलिए सुरक्षा बढ़ाना जरूरी हो गया है। यह फीचर यूजर्स को मजबूत लॉगिन सिस्टम और बेहतर प्रोटेक्शन देता है, जिससे अकाउंट ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
लॉगिन सिस्टम
लॉगिन सिस्टम हुआ और ज्यादा सख्त
इस नए फीचर में यूजर्स को पासवर्ड के साथ पासकी या सिक्योरिटी की का इस्तेमाल करना होगा। इससे फर्जी लिंक या धोखे से पासवर्ड चोरी करने वाले हमलों को रोका जा सकेगा। कंपनी ने पुराने रिकवरी सिस्टम जैसे ईमेल और SMS विकल्प को हटा दिया है। अब अकाउंट रिकवरी के लिए बैकअप पासकी या सिक्योरिटी की जरूरी होगी। इससे अकाउंट को गलत तरीके से एक्सेस करने का खतरा काफी कम हो जाएगा और सुरक्षा पहले से बेहतर होगी।
बदलाव
रिकवरी और सपोर्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव
OpenAI ने इस फीचर में रिकवरी सिस्टम को पूरी तरह बदल दिया है। अगर यूजर अपने लॉगिन डिटेल्स खो देता है, तो अब कंपनी की सपोर्ट टीम भी अकाउंट वापस नहीं दिला पाएगी। इससे हैकर्स द्वारा सपोर्ट सिस्टम का गलत इस्तेमाल करने का खतरा खत्म हो जाएगा। कंपनी ने यूबिको के साथ साझेदारी भी की है, जिससे यूज़र्स को सिक्योरिटी की आसानी से मिल सके और अकाउंट की सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
प्राइवेसी
प्राइवेसी और यूजर कंट्रोल भी बेहतर
इस अपडेट में यूजर्स की प्राइवेसी को भी ज्यादा महत्व दिया गया है। अब एडवांस्ड सिक्योरिटी यूजर्स के लिए डाटा शेयरिंग का ऑप्शन अपने आप बंद रहेगा। इसके अलावा, हर नए डिवाइस पर लॉगिन करने पर अलर्ट मिलेगा और यूजर अपने एक्टिव सेशन को आसानी से देख पाएंगे। सेशन समय भी कम रखा गया है, जिससे बार-बार लॉगिन करना होगा। इन बदलावों से यूजर्स को अपने अकाउंट पर ज्यादा कंट्रोल और सुरक्षा मिलेगी।