OpenAI का AI कोडिंग गैजेट कुछ ही घंटों में बिका, जानिए क्यों है इतना खास
OpenAI ने अपना नया डिवाइस कॉडेक्स माइक्रो लॉन्च किया है। यह एक प्रोग्रामेबल मैक्रो पैड है, जिसकी कीमत 230 डॉलर (करीब 22,000 रुपये) रखी गई है।
इसे खासकर उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो उनके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोडिंग एजेंट कॉडेक्स का इस्तेमाल करते हैं। इसे वर्क लाउडर के साथ मिलकर तैयार किया गया है और इसकी बिक्री OpenAI सप्लाई कंपनी के जरिये हो रही है। इसका मकसद है कि AI के साथ काम करना आसान हो जाए और कोडिंग की रफ्तार बढ़े। यह डिवाइस लॉन्च होने के 24 घंटे से भी कम समय में बिक गया।
एजेंट कीज दिखाती हैं AI की स्थिति
कॉडेक्स माइक्रो में 6 ट्रांसलूसेंट एजेंट कीज दी गई हैं। ये कीज AI के काम करने के तरीके के हिसाब से चलती हैं। ये बताती हैं कि AI इस वक्त क्या कर रहा है, जैसे कि वह खाली बैठा है, कोई काम कर रहा है, आपके इनपुट का इंतजार कर रहा है, अपना काम पूरा कर चुका है या फिर कोई गलती आ गई है।
इनके अलावा, इसमें 6 कमांड कीज भी हैं, जिन्हें आप अपनी जरूरत के हिसाब से सेट कर सकते हैं। इनसे आप तेजी से चैट शुरू कर सकते हैं या किसी अनुरोध को अप्रूव कर सकते हैं।
डिवाइस में एक रोटरी डायल भी है, जिससे आप AI की 'रीजनिंग' यानि सोचने-समझने की शक्ति को घटा-बढ़ा सकते हैं।
इसके अलावा, कोड को जांचने या डीबग करने के लिए इसमें एक जॉयस्टिक भी मिलता है। यह ब्लूटूथ या USB-C के जरिये कनेक्ट होता है और मैक और विंडोज दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।