OpenAI ने पेश किए GPT-6 सोल और लूना, कोडिंग में करेंगे बहुत कम गलतियां
OpenAI ने हाल ही में 2 नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल GPT-6 सोल और GPT-6 लूना लॉन्च किए हैं। इन्हें कोडिंग और रोजमर्रा के कंप्यूटर से जुड़े कामों को आसान और ज्यादा सटीक बनाने के लिए बनाया गया है।
सोल को खास तौर पर गहरी रिसर्च और मुश्किल समस्याओं को सुलझाने के लिए तैयार किया गया है, वहीं लूना को रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए हल्का और कम रिसोर्स लेने वाला बनाया गया है।
इन दोनों मॉडल्स काे लेकर दावा किया है कि ये पहले के मुकाबले कोडिंग में कम गलतियां करेंगे।
कितनी है इन मॉडल्स की कीमत?
सोल की कीमत प्रति 10 लाख इनपुट टोकन के लिए 2 डॉलर (करीब 190 रुपये) है, जबकि आउटपुट टोकन के लिए 10 डॉलर (करीब 950 रुपये) देने होंगे, वहीं, लूना काफी सस्ता है। इसके लिए प्रति 10 लाख इनपुट टोकन के 0.10 डॉलर (करीब 9.5 रुपये) और आउटपुट टोकन के 0.50 डॉलर (करीब 45 रुपये) चुकाने होंगे।
अभी ये मॉडल ChatGPT प्लस, प्रो, बिजनेस, एंटरप्राइज और एडु यूजर्स के लिए उपलब्ध हैं। कंपनी ने GPT-6 लूना को ChatGPT डेस्कटॉप ऐप के जरिए फ्री और गो यूजर्स तक पहुंचाने की भी योजना बनाई है।