OpenAI ने एंथ्रोपिक के पूर्व इंजीनियर को किया नियुक्त, जानिए क्या सौंपी जिम्मेदारी
क्या है खबर?
OpenAI ने एंथ्रोपिक की तकनीकी टीम के सदस्य डायलन स्कैंडिनारो को अपना नया हेड ऑफ प्रिपेयर्डनेस नियुक्त किया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने बताया कि कंपनी जल्द ही अत्यंत शक्तिशाली मॉडल्स के साथ काम करना शुरू करेगी और इसके लिए उचित सुरक्षा उपायों की आवश्यकता होगी। इनकी सुरक्षा जोखिमों को संभालने के लिए डायलन को नियुक्त किया है। विज्ञापन में इस पद के लिए सालाना 5.55 लाख डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपये) का वेतन का प्रस्ताव था।
जिम्मेदारी
नियुक्ति को लेकर ऑल्टमैन ने क्या कहा?
एक्स पर एक पोस्ट में सैम ऑल्टमैन ने लिखा, "चीजें बहुत तेजी से आगे बढ़ने वाली हैं और हम जल्द ही अत्यंत शक्तिशाली मॉडल्स के साथ काम करना शुरू करेंगे। इसके लिए उचित सुरक्षा उपायों की आवश्यकता सुनिश्चित कर रहे हैं।" उन्होंने बताया कि डायलन इन गंभीर जोखिमों से निपटने और उन्हें कम करने के हमारे प्रयासों का नेतृत्व करेंगे। इस पद के लिए अब तक मैंने जितने भी उम्मीदवारों से मुलाकात की है, उनमें वे सबसे बेहतरीन हैं।
जोखिम
AI के जोखिमों को लेकर जताई चिंता
एंथ्रोपिक में AI सुरक्षा टीम के सदस्य स्कैंडिनारो ने OpenAI में शामिल होने के बारे में एक अलग अपडेट भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने तेजी से विकसित हो रहे AI मॉडल्स से जुड़े अत्यधिक और अपूरणीय नुकसान के बारे में बात की। उन्होंने एक्स पर लिखा, "AI तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके संभावित लाभ बहुत अधिक हैं और साथ ही नुकसान का जोखिम भी उतना ही अधिक है। बहुत काम करना बाकी है और समय बहुत कम है।"