OpenAI ने एडल्ट मोड फीचर का विरोध करने वाली नीति अधिकारी को किया बर्खास्त
क्या है खबर?
OpenAI की उत्पाद नीति उपाध्यक्ष रयान बेयरमिस्टर को जनवरी में एक पुरुष सहकर्मी द्वारा यौन भेदभाव का आरोप लगाए जाने के बाद बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने भेदभाव के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। यह घटना बेयरमिस्टर की ओर से ChatGPT के लिए कंपनी के प्रस्तावित 'एडल्ट मोड' फीचर का विरोध करने के तुरंत बाद हुई है। संभावना जताई जा रही है कि बर्खास्तगी के पीछे यही वजह है, लेकिन कंपनी ने इसे नकार दिया है।
आरोप
बेयरमिस्टर पर लगा था यह आरोप
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, जनवरी में रयान बेयरमिस्टर को अचानक से नौकरी से निकाल दिया गया। सूत्र इसके पीछे की वजह एक पुरुष सहकर्मी द्वारा उन पर लगाया गया लिंगभेद का आरोप बता रहे हैं। उन्होंने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा, "किसी के साथ भेदभाव करने का आरोप सरासर झूठा है।" बता दें कि वे पहले मेटा की प्रोडक्ट टीम में 4 साल और पैलेंटिर के लिए 7 साल से अधिक समय तक काम कर चुकी हैं।
विरोध
इस कारण किया था फीचर का विरोध
रिपोर्ट के अनुसार, बेयरमिस्टर को ChatGPT के एक प्रस्तावित फीचर एडल्ट मोड की आलोचना करने के बाद बर्खास्त किया गया। इस नए मोड के तहत यूजर अनुभव में कामुकता को शामिल किया जाना था। उनके समेत कंपनी के अन्य लोगों ने इस बात पर चिंता जताई है कि नया फीचर कुछ यूजर्स को प्रभावित कर सकता है। OpenAI ने बताया कि उनका जाना कंपनी में काम करते समय उनके द्वारा उठाए गए किसी भी मुद्दे से संबंधित नहीं था।