यूजर्स के विरोध के बाद OpenAI ने दोगुनी की ChatGPT उपयोग की सीमा
OpenAI ने ChatGPT प्रो और बिजनेस प्रीमियम के ग्राहकों के लिए एक अच्छी खबर दी है। कंपनी ने इन प्लांस के लिए यूसेज लिमिट को दोगुना कर दिया है, जो 29 अक्टूबर से लागू होगा।
यह फैसला तब आया है, जब यूजर्स ने पहले से तय लिमिट कम करने के फैसले का विरोध किया था। अब लिमिट कम होने की बजाय सभी ग्राहकों को बिना किसी कीमत बढ़ाए ज्यादा इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।
उपयोग सीमा घटाने की थी योजना
पहले OpenAI कुछ प्लांस में उपयोग की सीमा घटाने की सोच रही थी, लेकिन ग्राहकों के मिले फीडबैक के बाद कंपनी ने यह फैसला पूरी तरह पलट दिया।
उत्पाद कार्यकारी अधिकारी थिबॉल्ट सोतियो ने एक्स पर यह खबर साझा की और यूजर्स को अपनी बात रखने के लिए धन्यवाद भी दिया।
कंपनी अभी भी कुछ फीचर्स के लिए बढ़ी हुई यूसेज लिमिट देना जारी रखेगी। उसका कहना है कि वह और भी स्मार्ट मॉडल बनाने पर काम कर रही है, ताकि समय के साथ चीजें बेहतर और स्मूथ चल सकें।