ऐपल के ट्रेड सीक्रेट्स चुराने के आरोपों पर OpenAI ने दिया जवाब
OpenAI ने ऐपल के मुकदमे का जवाब देते हुए साफ कहा है कि उसके पास कंपनी की कोई भी गोपनीय जानकारी नहीं है और न ही वह इसे रखना चाहती है।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब आईफोन निर्माता ने 10 जुलाई को ChatGPT निर्माता और उसकी हार्डवेयर शाखा आई प्रोडक्ट्स पर मुकदमा ठोक दिया था।
आरोप लगाया गया था कि इन्होंने अपने हार्डवेयर प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने के लिए गुप्त डाटा का इस्तेमाल किया है। फिलहाल यह मामला कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में चल रहा है।
कर्मचारियों पर लगे आरोपों को नकारा
OpenAI ने ऐपल की उस मांग को बिल्कुल गलत जानकारी पर आधारित और अनावश्यक करार दिया, जिसमें कंपनी को कोर्ट के आदेश से रोकने की बात थी।
उसने कहा कि उसके पास ऐपल के कोई ट्रेड सीक्रेट्स नहीं हैं और न ही वह इन्हें चाहती है। यह साबित करने के लिए कि मामला सिर्फ एक गलतफहमी का था, OpenAI ने ईमेल और आईमैसेज साझा किए।
ऐपल के बाहरी वकील ने गलती से गलत व्यक्ति को ईमेल भेज दिया था क्योंकि उन्होंने एक जैसे एशियाई उपनाम वाले 2 लोगों को एक समझ लिया था।
OpenAI ने इस बात से भी इनकार किया है कि उसके पूर्व कर्मचारियों ने फाइल्स या सप्लायर डाटा में कोई गड़बड़ी की है। कंपनी के मुताबिक, जो भी समस्याएं हुईं वे ऐपल के अपने सिस्टम की कमियों की वजह से थीं।