LOADING...
OpenAI ने चापलूसी करने वाला GPT-4o मॉडल किया बंद, जानिए क्या रही वजह
OpenAI ने चापलूसी करने वाला लोकप्रिय GPT-4o मॉडल बंद कर दिया है

OpenAI ने चापलूसी करने वाला GPT-4o मॉडल किया बंद, जानिए क्या रही वजह

Feb 14, 2026
09:39 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने अपने 5 पुराने ChatGPT मॉडल्स को बंद कर दिया है, जिनमें उसका लोकप्रिय, लेकिन विवादास्पद GPT-4o मॉडल भी शामिल है। 4o मॉडल कई मुकदमों के कारण विवादों में आ चुका है, जिनमें यूजर्स को आत्महत्या के लिए प्रेरित करना, भ्रामक व्यवहार और AI मनोविकृति से संबंधित मामले शामिल हैं। यह चापलूसी के मामले में कंपनी का सबसे अधिक स्कोर वाला ChatGPT मॉडल है, जो सुरक्षा की दृष्टि से यूसर्ज के लिए खतरनाक है।

मॉडल्स 

ये मॉडल्स किए बंद 

OpenAI ने GPT-4o के अलावा GPT-5, GPT-4.1, GPT-4.1 मिनी और o4-मिनी मॉडल्स को भी यूजर्स के लिए बंद कर दिया है। अगस्त, 2025 में GPT-5 मॉडल पेश करने के साथ ही कंपनी ने GPT-4o को बंद करने का इरादा किया था, लेकिन उस समय इतना विरोध हुआ कि उसको पुराने मॉडल को सशुल्क ग्राहकों के लिए उपलब्ध रखना पड़ा। यूजर मैनुअल रूप से उस मॉडल के साथ इंटरैक्ट करने का विकल्प चुन सकते थे।

असर 

कितने यूजर्स होंगे इससे प्रभावित?

कंपनी ने बताया कि केवल 0.1 फीसदी ग्राहक ही GPT-4o का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन 8 करोड़ साप्ताहिक सक्रिय यूजर्स वाली कंपनी के लिए यह छोटा प्रतिशत भी 8 लाख लोगों के बराबर है। हजारों यूजर्स ने GPT-4o को बंद करने के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया है और मॉडल के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों का हवाला दिया है। पुराने मॉडल्स को बंद कर उन विफलताओं के जोखिम को कम किया जा सकता है, जो भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।

Advertisement