सैम ऑल्टमैन ने AI पर नियंत्रण खोने को लेकर दी चेतावनी
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने सभी को चेताया है कि हम सुपर-स्मार्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपने फैसले खुद करने न दें।
उनका साफ कहना है कि आखिरी फैसला इंसानों के हाथ में ही रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर, हमने सावधानी नहीं बरती तो हम अपने भविष्य पर अपना नियंत्रण खो सकते हैं।
ऑल्टमैन का मुख्य जोर इस बात पर है कि हमें साफ-साफ सीमाएं तय करनी होंगी, ताकि मशीनों की जगह इंसान ही सब कुछ संभालें।
दिग्गज कर रहे AI की रफ्तार धीमी करने की पैरवी
ऑल्टमैन की ये चिंताएं दूसरे तकनीकी दिग्गजों की बातों से मेल खाती हैं, जो AI की रफ्तार धीमी करने की बात कहते हैं, ताकि बड़े खतरों से बचा जा सके।
मिसाल के तौर पर, एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई ने हाल ही में AI डेवलपर्स से अपील की थी कि वे मॉडल्स की क्षमताएं बढ़ाने की गति थोड़ी कम करें। ऐसा करने से शोधकर्ताओं को सुरक्षा से जुड़े खतरों पर काम करने के लिए ज्यादा समय मिल पाएगा। OpenAI भी AI की सुरक्षा पर लगातार काम कर रही है। इसके लिए उन्होंने कैथेड्रल सिस्टम्स के साथ मिलकर सुरक्षा परीक्षण शुरू किया है और अपने बग बाउंटी प्रोग्राम को भी बढ़ाया है।