OpenAI ने शुरू की ChatGPT में विज्ञापन दिखाने की तैयारी, कमाई बढ़ाने की है योजना
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI जल्द ही ChatGPT के सभी यूजर्स को विज्ञापन दिखाने शुरू कर सकती है। CNBC की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने ChatGPT में विज्ञापन दिखाने का टेस्ट शुरू कर दिया है। यह अब तक विज्ञापन से दूर रहे इस AI टूल के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा है। OpenAI का कहना है कि विज्ञापन यूजर अनुभव को ज्यादा प्रभावित किए बिना दिखाए जाएंगे और बातचीत के बीच में नहीं आएंगे।
विज्ञापन
कहां और कैसे दिखेंगे विज्ञापन?
रिपोर्ट के मुताबिक, ChatGPT में दिखने वाले विज्ञापन चैट के नीचे एक अलग सेक्शन में होंगे। इन्हें साफ तौर पर 'स्पॉन्सर्ड' या विज्ञापन के रूप में लेबल किया जाएगा। OpenAI का दावा है कि विज्ञापन चैट के जवाबों के अंदर नहीं मिलेंगे। कंपनी का मकसद है कि यूजर को कम से कम दखल महसूस हो। इस टेस्टिंग से OpenAI यह समझना चाहती है कि यूजर इस बदलाव को कैसे लेते हैं।
यूजर्स
किन यूजर्स को दिखेंगे विज्ञापन?
OpenAI की योजना फ्री यूजर्स और कम कीमत वाले गो प्लान के सब्सक्राइबर्स को विज्ञापन दिखाने की है। वहीं, महंगे सब्सक्रिप्शन लेने वाले ChatGPT यूजर्स को फिलहाल कोई विज्ञापन नहीं दिखेंगे। कंपनी का यह भी कहना है कि विज्ञापन के लिए यूजर की कोई भी चैट जानकारी शेयर नहीं की जाएगी। OpenAI ने साफ किया है कि एडवरटाइजर ChatGPT के जवाबों या कंटेंट पर किसी तरह का असर नहीं डाल पाएंगे।
राजस्व
राजस्व बढ़ाने की नई कोशिश
ChatGPT में विज्ञापन लाने का फैसला ऐसे समय पर आया है जब इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन के अनुसार, ChatGPT के यूजर हर महीने करीब 10 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ रहे हैं। कंपनी का मानना है कि लंबे समय में विज्ञापन उसकी कुल कमाई का आधे से भी कम हिस्सा होंगे। अब सबकी नजर इस बात पर है कि यूजर इस बदलाव को कैसे अपनाते हैं।