OpenAI ने मुकदमे में बदलाव करने पर एलन मस्क को घेरा, लगाया यह आरोप
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने सुनवाई से पहले एलन मस्क की ओर से मुकदमें में मांग बदलने को कानूनी जाल बताया है। इसको लेकर अदालत में दायर याचिका में कहा कि अंतिम समय में पेश किए गए ये प्रस्ताव कानूनी रूप से अनुचित और तथ्यों के आधार पर निराधार हैं। वकीलों ने कहा, "मस्क द्वारा प्रस्तावित संशोधन के लिए उन साक्ष्यों और गवाहों को पेश करना होगा, जो उस मामले से अलग हैं।"
मुकदमा
इस कारण दायर किया था मुकदमा
2024 में मस्क ने OpenAI और माइक्रोसॉफ्ट पर मुकदमा दायर किया था। उनका आरोप था कि ChatGPT निर्माता ने सॉफ्टवेयर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी से अरबों डॉलर का निवेश लेने के बाद एक शोध संस्थान के रूप में अपने मूल उद्देश्य को त्याग दिया। खुद को एक लाभ कमाने वाली कंपनी के रूप में पुनर्गठित करने की योजना बनाई। इन आरोपों पर सुनवाई 27 अप्रैल को होनी है। दोनों कंपनी ने किसी भी प्रकार की गलती से इनकार किया है।
हर्जाना
मस्क ने मांगा था हर्जाना
दुनिया के सबसे व्यक्ति ने जनवरी में अदालत को बताया कि वह अपने विरोधियों से 79-134 अरब डॉलर (करीब 7,260-12,320 अरब रुपये) तक का हर्जाना मांगा था। इसका मुख्य कारण यह है कि 2015 में मस्क ने सैम ऑल्टमैन और अन्य लोगों के साथ मिलकर OpenAI की स्थापना की थी, तब से इसके मूल्य में जबरदस्त वृद्धि हुई है। इतनी बड़ी राशि का फैसला अमेरिकी इतिहास में अदालत द्वारा दिए गए सबसे बड़े हर्जाने में से एक होगा।
संशोधन
मुकदमे में बदल दी मांग
इसी सप्ताह मस्क के वकीलों ने एक याचिका दायर कर कहा कि मुकदमे में उन्हें जो भी पैसा मिलेगा, वह उन्हें नहीं बल्कि OpenAI को वापस जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मस्क चाहते हैं कि अदालत AI स्टार्टअप के रूपांतरण को रद्द करे और भविष्य में इसके फाइनेंस और लेन-देन की निगरानी करे, ताकि यह अपने मूल उद्देश्य से न भटके। साथ ही CEO सैम ऑल्टमैन और अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन को पद से हटाने की मांग की है।