OpenAI तैनात करेगी अमेरिकी युद्ध विभाग में AI मॉडल, पेंटागन के साथ हुआ समझौता
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने अमेरिकी युद्ध विभाग (पेंटागन) के साथ उनके गोपनीय नेटवर्क में अपने मॉडल तैनात करने के लिए एक समझौता किया है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने एक एक्स पोस्ट में इसकी घोषणा की है। उन्होंने लिखा, "हमारी सभी बातचीत में युद्ध विभाग ने सुरक्षा के प्रति गहरा सम्मान और सर्वोत्तम संभव परिणाम प्राप्त करने के लिए साझेदारी करने की इच्छा दिखाई।"
सुरक्षा सिद्धांत
कपनी ने इन बातों पर दिया जोर
सैम ऑल्टमैन ने इस बात पर जोर दिया कि AI की सुरक्षा और व्यापक वितरण सुनिश्चित करना कंपनी के मिशन का मुख्य हिस्सा है। उन्होंने कहा, "हमारे 2 सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा सिद्धांत- घरेलू स्तर पर बड़े पैमाने पर निगरानी पर प्रतिबंध और ऑटोनॉमस हथियार प्रणालियों सहित बल प्रयोग के लिए मानवीय उत्तरदायित्व हैं। पेंटागन इन सिद्धांतों से सहमत है, इन्हें कानून और नीति में शामिल करता है और हमने इन्हें अपने समझौते में भी शामिल किया है।"
नियंत्रण
इन मामलों में रहेगा कंपनी का नियंत्रण
फॉर्च्यून के अनुसार, ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को बताया कि सरकार कंपनी को अपना सेफ्टी स्टैक बनाने की अनुमति देगी। अगर, कोई मॉडल किसी कार्य को करने से इनकार करता है तो सरकार उसे बाध्य नहीं करेगी। सुरक्षा उपायों को कैसे लागू किया जाता है, किन मॉडलों का उपयोग किया जाता है और उन्हें कहां तैनात किया जाता है? इस पर कंपनी का पूरा नियंत्रण रहेगा। यह साझेदारी अमेरिकी प्रशासन द्वारा एंथ्रोपिक पर कई प्रतिबंध लगाने के ठीक बाद हुई है।