वनप्लस नोर्ड 2 इंडियन वेरियंट स्मार्टफोन में फिर हुआ ब्लास्ट, कंपनी ने दी सफाई
क्या है खबर?
वनप्लस जुलाई महीने में भारतीय मार्केट में वनप्लस नोर्ड 2 स्मार्टफोन लेकर आई है।
इस फोन से जुड़ी कुछ दिक्कतें सामने आ रही हैं और डिवाइस में ब्लास्ट का दूसरा मामला सामने आया है।
गौरव गुलाटी नाम के एक ट्विटर यूजर ने अपने डिवाइसेज की तस्वीरें शेयर की हैं और कहा है कि उनके वनप्लस नोर्ड 2 में आग लगी और ब्लास्ट हो गया।
उनका कहना है कि जब डिवाइस में आग लगी तो वह जेब में रखा हुआ था।
रिपोर्ट
कोट की जेब में रखा था डिवाइस
मायस्मार्टप्राइस की रिपोर्ट के मुताबिक, पेशे से वकील गौरव गुलाटी ने उन्हें बताया कि जब वनप्लस नोर्ड 2 में ब्लास्ट हुआ तो डिवाइस उनके कोट की जेब में रखा हुआ था।
गुलाटी का कहना है कि उन्हें गर्मी महसूस हुई और फोन से धुआं निकलता दिखा।
घबराकर उन्होंने अपना कोट जमीन पर फेंका। चंद मिनट बाद उनके डिवाइस में आग लगी और ब्लास्ट हो गया।
पिछले महीने बेंगलुरु की एक महिला ने भी फोन में ब्लास्ट की बात कही थी।
ट्विटर पोस्ट
ट्विटर पर शेयर कीं तस्वीरें
#Blast #Fire in my brand new #oneplusnord25g.@OnePlus_IN Today morning while i was in my office ( Court Chamber) @OnePlusNord2_ @oneplus @OnePlus_USA pic.twitter.com/TwNKNmnhzo
— GAURAV GULATI (@Adv_Gulati1) September 8, 2021
वनप्लस
कंपनी ने डिवाइस सबमिट करने को कहा
रिपोर्ट की मानें तो कंपनी ने गौरव से उनका डिवाइस सबमिट करने को कहा है, जिसकी उसकी टेस्टिंग की जा सके।
वहीं, गौरव ऐसा करने को राजी नहीं है और कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहते हैं।
गौरव का कहना है कि वह ब्लास्ट के मामले को लेकर कोर्ट जाएंगे और वनप्लस इंडिया के खिलाफ आधिकारिक शिकायत में डिवाइस का इस्तेमाल सबूत की तरह करते हुए इसे पुलिस को देंगे।
नाराजगी
ब्लास्ट की वजह से जलने का दावा
गौरव गुलाटी ने कहा है कि डिवाइस में आग लगने के चलते उनके पेट पर हल्की चोट भी आई है।
उन्होंने कहा कि उन्हीं लगी चोट और हुए नुकसान को लेकर वनप्लस का रवैया असंवेदनशील है।
यूजर ने कहा, "हमने कंपनी के खिलाफ कोर्ट में डैमेज फाइल करने का फैसला किया है। कंपनी को गलती मानते हुए पब्लिक डोमेन में लिखित सहमति देनी होगी और हम उनसे वनप्लस नोर्ड 2 5G डिवाइस डिस्कॉन्टिन्यू करने की मांग करेंगे।"
सफाई
कंपनी ने आधिकारिक बयान में क्या कहा?
वनप्लस इंडिया ने कहा, "हमें जानकारी मिली कि एक ट्विटर यूजर ने वनप्लस नोर्ड 2 में ब्लास्ट होने की बात कही है और उसके दावे की जांच करने के लिए हमारी टीम ने तुरंत संपर्क किया।"
कंपनी ने कहा, "डिवाइस की जांच करने की कई कोशिशें नाकाम हुईं और यूजर ने उसके सामने भी डिवाइस की जांच करवाने से इनकार कर दिया है। ऐसी स्थिति में दावे की सच्चाई की जांच करना और यूजर की मांग मानना संभव नहीं है।"
मामला
बेंगलुरु के यूजर ने भी किया था दावा
इससे पहले वनप्लस नोर्ड 2 ब्लास्ट की बात बेंगलुरू में रहने वाले अंकुर शर्मा की ओर से किए गए ट्वीट में दी गई थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।
अंकुर ने लिखा था कि उनकी पत्नी के पांच दिन पुराने वनप्लस नोर्ड 2 में तब आग लग गई, जब वह बाइक चला रही थीं।
उन्होंने लिखा कि देखते ही देखते वनप्लस नोर्ड 2 से धुआं निकलने लगा, जो उस वक्त स्लिंग बैग में रखा हुआ था।
सावधानी
इन बातों का ध्यान रखें आप
स्मार्टफोन में आग लगने या ब्लास्ट के मामले आम नहीं हैं लेकिन यूजर्स को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।
कभी भी डिवाइस को उसके साथ दिए गए आधिकारिक चार्जर के अलावा थर्ड-पार्टी चार्जर से ना चार्ज करें।
ध्यान रहे कि फोन ज्यादा गर्म ना हो या फिर किसी वजह से उसपर दबाव ना पड़े।
इसके अलावा फोन खराब होने की स्थिति में हमेशा आधिकारिक सर्विस सेंटर से ही रिपेयर करवाना चाहिए और थर्ड-पार्टी रिपेयर से बचना चाहिए।