आसमान में 17 जुलाई को दिखेगी शुक्र और अर्धचंद्र का मिलन
इस शुक्रवार (17 जुलाई) को सूर्यास्त के ठीक बाद आसमान में एक खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। इस दिन शुक्र ग्रह और अर्धचंद्र एक साथ दिखने वाले हैं, जिसे इस महीने के सबसे शानदार खगोलीय दृश्यों में से एक बताया जा रहा है।
सूर्यास्त के ठीक बाद आपको पश्चिम दिशा में देखना होगा, जहां यह अद्भुत नजारा आपको नजर आएगा।
दिख सकती है पृथ्वी की रोशनी
शुक्र एक चमकते हुए सफेद बिंदु की तरह दिखाई देगा, जो एक पतले अर्धचंद्र के ठीक बगल में होगा। यह अर्धचंद्र करीब 16 प्रतिशत रोशनी से जगमगा रहा होगा।
ये दोनों ही आकाशीय पिंड क्षितिज पर काफी नीचे दिखाई देंगे, इसलिए ऐसी जगह चुनें, जहां से आसमान साफ नजर आता हो और कोई ऊंची इमारत या घना पेड़ आपके नजारे में बाधा न बने।
अगर, आप भाग्यशाली रहे तो आपको 'अर्थशाइन' भी देखने को मिल सकता है। यह रात के समय चंद्रमा के अंधेरे हिस्से पर दिखाई देने वाली एक हल्की-सी चमक होती है।
यह खूबसूरत नजारा ज्यादा देर तक नहीं टिकेगा क्योंकि ये दोनों ही बहुत तेजी से अस्त हो जाते हैं। इसलिए, इसे देखने में बिल्कुल देर न करें। इसे दुनिया के किसी भी गोलार्ध में रहने वाले लोग सूर्यास्त के बाद पश्चिम दिशा में देख सकेंगे।