AI अब हर काम में उत्पादकता बढ़ाने के लिए जरूरी- एनवीडिया CFO
एनवीडिया की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस ने साफ कर दिया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ एक विकल्प नहीं, बल्कि हर इंडस्ट्री में काम की क्षमता बढ़ाने के लिए बहुत जरूरी हो गया है।
उन्होंने बताया कि एनवीडिया के चिप्स और सॉफ्टवेयर की जबरदस्त मांग का मुख्य कारण AI की तरफ बढ़ता यह रुझान ही है। क्रेस ने कहा, "AI अब सिर्फ अच्छा लगने वाली चीज नहीं रही। AI अब हर उद्योग और हर तरह के काम में उत्पादकता बढ़ाने के लिए एक जरूरत है। इसी वजह से AI के हर स्तर पर चाहे वह ऊर्जा हो, चिप्स हों, इंफ्रास्ट्रक्चर हो, मॉडल्स हों या ऐप, राजस्व में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।"
AI की इसी लहर के चलते कंपनी का राजस्व पिछले तिमाही में 81.6 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले साल से 85% ज्यादा है।
एनवीडिया को हिस्सों में बांटा
अपनी तेज बढ़ोतरी के साथ तालमेल बिठाने के लिए एनवीडिया ने खुद को 2 मुख्य हिस्सों में फिर से संगठित किया है। इनमें पहला डाटा सेंटर और दूसरा एज कंप्यूटिंग शामिल हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर वैश्विक खर्च इस दशक के आखिर तक 3,000 से 4,000 अरब डॉलर (करीब 2.7 से 3.7 लाख अरब रुपये) तक पहुंच सकता है, क्योंकि कंपनियां स्मार्ट टेक्नोलॉजी में भारी निवेश कर रही हैं।