एनवीडिया को डाटा लीक की धमकी, हैकर्स ने दिया 10 दिन से भी कम का समय
क्या है खबर?
चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया को साइबर हमले और डाटा लीक की धमकी मिली है। द जेंटलमेन नाम के रैंसमवेयर समूह ने अपनी डार्क वेब वेबसाइट पर कंपनी का नाम डालकर एक काउंटडाउन शुरू किया है। इसमें करीब 234 घंटे यानी 10 दिन से भी कम समय बचा है। समूह ने दावा किया है कि उसके पास एनवीडिया की चोरी की गई जानकारी है और समय पूरा होने पर वह इसे सार्वजनिक कर सकता है।
सबूत
हैकर्स ने चोरी हुए डाटा का कोई सबूत नहीं दिया
द जेंटलमेन ने अपनी पोस्ट में यह नहीं बताया है कि उसने एनवीडिया के सिस्टम तक कब पहुंच बनाई और कौन-सा डाटा चुराया है।
समूह ने कथित चोरी की जानकारी का कोई नमूना भी साझा नहीं किया है। उसने बातचीत के लिए एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ID जरूर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि समूह के पास कंपनी का असली डाटा है या वह केवल दबाव बनाने के लिए ऐसी धमकी दे रहा है।
संदेह
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने दावों पर जताया संदेह
एनवीडिया ने अब तक किसी भी साइबर हमले या डाटा लीक की पुष्टि नहीं की है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने भी समूह के दावों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। शोधकर्ता अरास नाज़रोवास के मुताबिक, बिना किसी डाटा सैंपल के इन दावों की सच्चाई और संभावित नुकसान का पता लगाना मुश्किल है।
उन्होंने यह भी कहा कि चोरी की जानकारी को गलत तरीके से एनवीडिया से जोड़ा जा सकता है या मामला सीमित असर वाला हो सकता है।
समूह
2025 में सामने आया था द जेंटलमेन समूह
द जेंटलमेन समूह पहली बार जुलाई, 2025 के आसपास सामने आया था।
यह रैंसमवेयर सेवा के जरिए दूसरे साइबर अपराधियों को हमले करने के लिए टूल्स उपलब्ध कराता है। रिपोर्ट के मुताबिक, समूह अपने सहयोगियों को फिरौती की रकम का 90 प्रतिशत हिस्सा रखने देता है।
रैंसमवेयर लाइव ट्रैकर के अनुसार, इस समूह ने 95 देशों में 1,123 संगठनों को निशाना बनाया है। हालांकि, एनवीडिया पर हमले का दावा अभी तक साबित नहीं हुआ है।