एनवीडिया की जीफोर्स नाउ सुविधा 15 जुलाई से भारत में होगी शुरू
एनवीडिया की जीफोर्स नाउ क्लाउड गेमिंग सर्विस 15 जुलाई से पूरे भारत में शुरू हो रही है। इससे आप 5,000 से भी ज्यादा PC गेम्स सीधे कंपनी के सर्वर से अपने लैपटॉप, फोन, स्मार्ट टीवी या हैंडहेल्ड कंसोल पर स्ट्रीम करके खेल पाएंगे।
अभी तक यह सर्विस सिर्फ वेटलिस्ट वाले बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध थी, लेकिन अब कोई भी इसमें शामिल होकर गेम्स का मजा ले सकता है।
खास बात यह है कि इसके लिए आपको किसी महंगे या दमदार हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी।
कितनी है इस सर्विस के प्लान की कीमत?
इस सर्विस के लिए आपको 2 प्लान- परफॉरमेंस (999 रुपये प्रति महीने) और अल्टिमेट (1,999 रुपये प्रति महिने) मिलेंगे।
अगर, आप सिर्फ कुछ समय के लिए गेम खेलना चाहते हैं तो एक दिन का पास भी ले सकते हैं। अल्टिमेट प्लान लेने वाले यूजर्स को DLSS 4 जैसी शानदार टेक्नोलॉजी मिलेगी, जिससे वे 120 फ्रेम प्रति सेकेंड पर 5K रेजोल्यूशन तक बिना किसी रुकावट के गेम्स स्ट्रीम कर पाएंगे।
आप अपने स्टीम, एपिक गेम्स स्टोर या एक्सबॉक्स गेम पास अकाउंट के गेम्स को इस सर्विस के जरिए एक्सेस कर सकते हैं।
इसके साथ ही, क्लाउड स्टोरेज की सुविधा भी मिलेगी, जो 299 रुपये प्रति महिने से शुरू होगी। सब्सक्रिप्शन के लिए UPI पेमेंट का विकल्प भी मौजूद है, जिससे पेमेंट करना बेहद आसान हो जाएगा, वहीं जिन बीटा यूजर्स के पास अर्ली पास था, उन्हें शुरुआती 3 महीनों के लिए 20 फीसदी की खास छूट दी जाएगी।