नथिंग ला रही बिना स्क्रीन वाला AI डिवाइस, 8 दिसंबर को होगा लॉन्च
क्या है खबर?
टेक कंपनी नथिंग एक नए AI आधारित डिवाइस पर काम कर रही है, जिसे 8 दिसंबर को पेश किया जा सकता है। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह डिवाइस बिना स्क्रीन के आएगा और इसका इस्तेमाल ऐसा अनुभव देगा, जो किसी सामान्य ऐप के जरिए संभव नहीं है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके फीचर्स और काम करने के तरीके का खुलासा नहीं किया है। इसे लेकर तकनीकी जगत में चर्चा शुरू हो गई है।
तस्वीर
सोशल मीडिया पर सामने आई डिवाइस की तस्वीर
नए डिवाइस की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है।
स्वीडिश हाउस माफिया के सदस्य सेबेस्टियन इंग्रोसो ने बुधवार को यह तस्वीर पोस्ट की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में नथिंग के आधिकारिक एक्स अकाउंट को भी टैग किया।
तस्वीर में नथिंग हेडफोन 1 प्रो और मैकबुक प्रो के बीच एक छोटा डिवाइस दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि यह कंपनी का नया AI उत्पाद हो सकता है।
बनावट
2 वेप जैसी दिख रही डिवाइस की बनावट
तस्वीर में दिख रहा डिवाइस आकार और बनावट के मामले में 2 वेप को एक साथ रखने जैसा नजर आता है।
वहीं, कंपनी की ओर से जारी टीजर में एक कैमरा भी दिखाई देने का संकेत मिलता है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें कैमरे से जुड़ी कोई सुविधा हो सकती है, जो आसपास की चीजों को पहचानने में मदद करे।
हालांकि, नथिंग ने अभी तक इसके डिजाइन या किसी खास फीचर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अन्य
AI गैजेट की दुनिया में नई कोशिश करेगा नथिंग
नथिंग का यह नया प्रयोग ऐसे समय में सामने आया है, जब AI आधारित गैजेट बाजार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि, इस क्षेत्र में पहले आए कुछ उत्पाद सफल नहीं रहे हैं। AI पिन बनाने वाली कंपनी ह्यूमेन ने पिछले साल अपना कारोबार बंद कर दिया था।
वहीं, रैबिट R1 को भी लॉन्च के बाद से खास सफलता नहीं मिली है। ऐसे में नथिंग के नए डिवाइस की उपयोगिता और कीमत पर सबकी नजर रहेगी।