नथिंग के CEO की चेतावनी, आने वाले महीनों में और महंगे हो सकते हैं स्मार्टफोन
क्या है खबर?
नथिंग के CEO कार्ल पेई ने स्मार्टफोन खरीदने वालों को चेतावनी दी है कि आने वाले समय में फोन और महंगे हो सकते हैं। उनका कहना है कि मेमोरी चिप की बढ़ती कमी के कारण कंपनियों की लागत तेजी से बढ़ रही है। रिसर्च फर्म टेकआर्क की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2026 के पहले पांच महीनों के दौरान स्मार्टफोन की औसत कीमत 7.9 प्रतिशत बढ़ गई है। इससे ग्राहकों पर अतिरिक्त खर्च का दबाव बढ़ सकता है।
मेमोरी चिप
मेमोरी चिप बनी सबसे महंगा हिस्सा
पेई के अनुसार, अब मेमोरी चिप स्मार्टफोन का सबसे महंगा कंपोनेंट बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इसकी कीमत कई मामलों में प्रोसेसर और डिस्प्ले से भी ज्यादा हो गई है। कुछ स्मार्टफोन में मेमोरी की लागत कुल हार्डवेयर लागत का 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा बन रही है। पेई ने बताया कि नथिंग के फोन 4a लॉन्च से पहले मेमोरी की कीमत दोगुनी हुई और उसके बाद फिर से दोगुनी बढ़ गई, जिससे उत्पादन लागत पर बड़ा असर पड़ा।
प्रभाव
बजट स्मार्टफोन सबसे ज्यादा प्रभावित
टेकआर्क की रिपोर्ट के मुताबिक, कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी बजट स्मार्टफोन में देखी गई है। 10,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन औसतन 17.6 प्रतिशत महंगे हुए हैं। वहीं 10,000 से 20,000 रुपये की श्रेणी में आने वाले स्मार्टफोन की कीमतों में 13.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सस्ते फोन में मेमोरी लागत का हिस्सा ज्यादा होता है, इसलिए इस श्रेणी पर दबाव सबसे पहले और सबसे ज्यादा दिखाई देता है।
ऑफर
त्योहारी सेल में कम मिल सकते हैं ऑफर
आने वाले महीनों में कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। 20,000 से 30,000 रुपये वाले स्मार्टफोन भी औसतन 5.6 प्रतिशत महंगे हुए हैं। कार्ल पेई ने कहा कि 30,000 रुपये से ऊपर के कई फोन की कीमतों में 7,000 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी गई है। उन्होंने ग्राहकों को केवल त्योहारी सेल का इंतजार करने से बचने की सलाह दी है, क्योंकि इस बार पहले जैसे बड़े डिस्काउंट मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।