निकॉन ने लॉन्च किया नया Z5IIC फुल-फ्रेम मिररलेस कैमरा
निकॉन ने भारत में अपना नया Z5IIC फुल-फ्रेम मिररलेस कैमरा पेश किया है। इसकी कीमत 1.39 लाख रुपये रखी गई है, जिसमें केवल कैमरे का बॉडी शामिल है।
यह कैमरा अक्टूबर के बीच तक दुकानों पर उपलब्ध होगा। कंपनी ने इसे उन फोटोग्राफर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बनाया है, जो अपने कैमरे को अपग्रेड करना चाहते हैं।
कैमरे में मिलते हैं 15 सीन मोड
Z5IIC निकॉन का पहला फुल-फ्रेम मिररलेस कैमरा है, जिसमें डायल पर सीधे 15 सीन मोड दिए गए हैं। इनमें पोर्ट्रेट, नाइट शॉट जैसे मोड शामिल हैं, जो ऑटोमैटिक सेटिंग के साथ बेहतरीन तस्वीरें लेते हैं।
इसका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऑटोफोकस बहुत कम रोशनी में भी (माइनस 10 EV तक) 10 अलग-अलग सब्जेक्ट्स को पहचान सकता है।
वीडियो रिकॉर्डिंग की बात करें तो इसमें 4K वीडियो 60 फ्रेम प्रति सेकेंड पर रिकॉर्ड किया जा सकता है। साथ ही स्लो-मोशन का विकल्प भी मिलेगा।
इस कैमरे में एक फ्लिप-आउट टचस्क्रीन भी है। स्टेबल शॉट्स के लिए इसमें फाइव-एक्सिस स्टेबिलाइजेशन मिलता है। UVC और UAC सपोर्ट होने के कारण इसे सीधे प्लग-एंड-प्ले स्ट्रीमिंग या वेबकैम के तौर पर इस्तेमाल करना आसान है। निकॉन Z माउंट होने की वजह से आपको अपनी रचनात्मकता के लिए ढेर सारे लेंस के विकल्प मिल जाते हैं।