व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी आज से लागू, शर्तें नहीं मानीं तो भूल जाइए चैटिंग
साल 2021 की शुरुआत से व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी चर्चा में रही है और यूजर्स की नाराजगी के बावजूद व्हाट्सऐप इसे आज से लागू कर रहा है। व्हाट्सऐप ने बताया है कि 15 मई तक नई पॉलिसी स्वीकार करने की डेडलाइन खत्म कर दी गई है, यानी कि इस दिन कोई अकाउंट्स डिलीट नहीं होंगे। हालांकि, बिना नई प्राइवेसी पॉलिसी स्वीकार किए आप पहले की तरह चैटिंग नहीं कर पाएंगे और धीरे-धीरे ऐप में फीचर्स मिलना बंद हो जाएंगे।
आज से लागू कर दी गई नई पॉलिसी
व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी जनवरी महीने में सामने आई थी और इसे 8 फरवरी से लागू किया जाना था। हालांकि, यूजर्स ने नई पॉलिसी की शर्तें स्वीकार करने को लेकर नाराजगी जताई थी और टेलीग्राम-सिग्नल ऐप्स जैसे दूसरे विकल्प चुन रहे थे। तब व्हाट्सऐप ने यह फैसला 15 मई तक के लिए टाल दिया था लेकिन इस बार नई पॉलिसी लागू हो गई है। सभी व्हाट्सऐप यूजर्स को इसपर सहमति जतानी होगी।
नई पॉलिसी को लेकर नाराज क्यों हैं यूजर्स?
मेसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने अपने यूजर्स का डाटा पैरेंट कंपनी फेसबुक और इससे जुड़ी सेवाओं के साथ शेयर करने की बात कही है। फेसबुक फैमिली की ऐप्स में मेन फेसबुक ऐप के अलावा मेसेंजर, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप शामिल हैं, जिनके यूजर्स के डाटा का इस्तेमाल कंपनी बेहतर ऐड दिखाने के लिए करना चाहती है। हालांकि, डाटा शेयरिंग और सुरक्षा के मामले में फेसबुक का पिछला रिकॉर्ड अच्छा नहीं है और डाटा लीक का खतरा बढ़ जाता है।
व्हाट्सऐप ने किया ट्वीट
क्या फेसबुक पढ़ सकेगी व्हाट्सऐप चैट्स?
मेसेजिंग ऐप बार-बार यूजर्स को भरोसा दिला रही है कि उनके चैट्स और वॉइस-वीडियो कॉल्स पूरी तरह सुरक्षित हैं और एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड हैं। एनक्रिप्शन का मतलब है कि सेंडर और रिसीवर के अलावा कोई थर्ड पार्टी (और खुद व्हाट्सऐप या फेसबुक भी) यूजर्स के चैट नहीं पढ़ सकतीं या फिर वॉइस-वीडियो कॉल्स देख सुन नहीं सकतीं। हालांकि, यूजर्स को प्रोफाइल और डिवाइस से जुड़ी दूसरी जानकारी और डाटा व्हाट्सऐप अब फेसबुक को भेजेगी।
व्हाट्सऐप चलाना है तो माननी होंगी नई शर्तें
व्हाट्सऐप ने कहा है कि 15 मई को नई पॉलिसी ना मानने वालों के अकाउंट्स डिलीट नहीं होंगे लेकिन उन्हें 'लिमिटेड अकाउंट फंक्शंस' ही मिलेंगे। शर्तें नहीं मानीं तो व्हाट्सऐप चैट विंडो नहीं खुलेगी और केवल नोटिफिकेशंस से मेसेज पढ़कर रिप्लाइ किए जा सकेंगे। यूजर्स वॉइस और वीडियो कॉल्स का जवाब दे सकेंगे और कोई मिस्ड कॉल्स पर नोटिफिकेशंस से कॉलबैक कर पाएंगे। हालांकि, कुछ समय बाद मेसेज और कॉल्स आना भी बंद हो जाएंगी और ऐप बेकार हो जाएगी।
व्हाट्सऐप ने नहीं सुनी यूजर्स की बात
यूजर्स की नाराजगी और ढेर सारी आलोचना के बावजूद व्हाट्सऐप ने अपनी नई प्राइवेसी पॉलिसी में कोई बदलाव या सुधार नहीं किया। भारत सरकार की एजेंसियों ने नई पॉलिसी को लेकर सवाल उठाए थे, जिसपर व्हाट्सऐप ने दूसरी ऐप्स का उदाहरण दिया और डाटा जुटाने को सामान्य प्रक्रिया बताया। व्हाट्सऐप ने यूजर्स को नई पॉलिसी स्वीकार ना करने का विकल्प नहीं दिया है और उनके पास पॉलिसी स्वीकार करने या ऐप का इस्तेमाल बंद करने के विकल्प बचते हैं।
अब आपको क्या करना चाहिए?
अगर आपने पहले ही व्हाट्सऐप में दिखे नई पॉलिसी के नोटिफिकेशंस पर 'एग्री' विकल्प चुन लिया है तो आप पहले की तरह ऐप इस्तेमाल करते रहेंगे। वहीं, नई पॉलिसी स्वीकार नहीं की है और डाटा शेयर नहीं करना चाहते तो व्हाट्सऐप के बजाय दूसरी मेसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं। बिना नई पॉलिसी पर सहमति जताए आप व्हाट्सऐप चलाएंगे तो आपको बार-बार रिमाइंडर भेजकर इसे स्वीकार करने को कहा जाएगा और कुछ वक्त बाद ऐप काम नहीं करेगी।