क्या है बॉस स्कैम, जिसके जरिए साइबर अपराधी कर रहे धोखाधड़ी?
हाल ही में एक नए 'बॉस स्कैम' का पता चला है। इसमें साइबर अपराधी बड़े अधिकारियों या वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बनकर फर्जी ईमेल या व्हाट्सऐप मैसेज भेजते हैं।
इन मैसेज में ऐसी फाइल्स होती हैं, जो देखने में किसी जरूरी बिजनेस दस्तावेज जैसी लगती हैं। अगर, कोई इन फाइल्स को खोल देता है तो मेलवेयर चुपके से उसके सिस्टम में घुस जाता है। इसके बाद स्कैमर्स को आपके व्हाट्सऐप जैसे संवेदनशील अकाउंट्स तक आसानी से पहुंच मिल जाती है।
I4C ने बचाव के लिए दिए ये सुझाव
जब स्कैमर्स एक बार सिस्टम में सेंध लगा लेते हैं तो वे कर्मचारियों को झांसे में लेकर या उन पर दबाव डालकर बिना कोई सवाल पूछे पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने इस स्कैम से बचने के लिए कुछ जरूरी बातें बताई हैं। उनका कहना है कि फंड ट्रांसफर से जुड़ी किसी भी रिक्वेस्ट को सीधे उस व्यक्ति से कंफर्म करें, जिसने उसे भेजा है। साथ ही, अनजान या संदिग्ध सोर्स से आई किसी भी फाइल को डाउनलोड न करें और अपने अकाउंट्स से जुड़े सभी डिवाइसेज पर कड़ी नजर रखें।
इसके साथ ही, व्यवसायों को मेलवेयर के हमलों को रोकने और अपनी सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए हमेशा अपडेटेड सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करना चाहिए।