नासा ने भी किया मस्क-पिचई के अंतरिक्ष डाटा सेंटर के विचार का समर्थन
नासा के प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने स्पेस-X के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन मस्क और गूगल के CEO सुंदर पिचई के साथ मिलकर डाटा सेंटर्स को अंतरिक्ष की कक्षा (ऑर्बिट) में भेजने के विचार को आगे बढ़ाया है।
उनका मानना है कि इन सेंटर्स को अंतरिक्ष से मिलने वाली सोलर एनर्जी से चलाया जाना चाहिए, ताकि धरती के बिजली ग्रिड्स पर दबाव कम हो सके।
गूगल कर रही मूनशॉट कॉन्सेप्ट्स पर शोध
डाटा सेंटर्स बहुत ज्यादा बिजली की खपत करते हैं और इसी वजह से स्थानीय स्तर पर इसके दाम बढ़ जाते हैं। इसी मुद्दे पर इसाकमैन ने न्यू यॉर्क पोस्ट के पॉडकास्ट पॉड फोर्स वन पर ऑर्बिटल डाटा सेंटर्स को एक शानदार समाधान बताया।
उनके मुताबिक, अंतरिक्ष में लगे विशाल सोलर पैनल धरती पर किसी को भी परेशान किए बिना इन जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। मस्क का मानना है कि आने वाले समय में अंतरिक्ष AI के लिए सबसे सस्ती जगह बन जाएगा।
दूसरी तरफ, पिचई की कंपनी अल्फाबेट भी इस दशक के आखिर तक अंतरिक्ष में डाटा सेंटर्स से जुड़े मूनशॉट कॉन्सेप्ट्स पर शोध कर रही है। इस अंदरूनी प्रोजेक्ट का नाम 'प्रोजेक्ट सनकैचर' है।