नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल पर खोजे रेत के तूफान के निशान
नासा के क्यूरियोसिटी रोवर को गैल क्रेटर की चट्टानों में अरबों साल पहले मंगल पर आए एक बड़े रेत के तूफान के निशान मिले हैं। ये निशान आज भी चट्टानों में सुरक्षित मौजूद हैं।
शुरुआत में ये टूटी हुई पट्टियों जैसी दिखती थीं, लेकिन बाद में पता चला कि ये हवा से उड़कर बनी रेत की खास परतें थीं। असल में ये पत्थर में कैद मंगल के मौसम का पुराना रिकॉर्ड हैं।
मंगल के प्राचीन वायुमंडल घना होने चला पता
वैज्ञानिकों को मंगल पर पहली बार इस तरह की संरचनाएं मिली हैं और ये अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इस खोज से यह बात सामने आती है कि 3.5 अरब साल पहले मंगल का वायुमंडल आज की तुलना में काफी घना था और वहां तेज हवाएं भी चलती थीं।
यह जानकारी उन पुराने संकेतों से भी जुड़ती है, जिनसे मालूम हुआ था कि गैल क्रेटर में कभी नदियां और झीलें थीं। इससे यह भी अंदाजा लगता है कि उस समय मंगल का मौसम गर्म और पानी से भरा था।
मुख्य शोधकर्ता स्टीवन बनम ने बताया कि यह खोज अप्रत्याशित थी और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य के मिशनों में ऐसी और भी शानदार चीजें मिलेंगी, शायद बारिश की बूंदों के निशान भी सुरक्षित मिल जाएं।