नासा लॉन्च करेगी हबल से 100 गुना ताकतवर नया स्पेस टेलीस्कोप
नासा नैंसी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप को लॉन्च करने की तैयारी में है। यह नया टेलीस्कोप धरती से करीब 16 लाख किलोमीटर की दूरी पर सूर्य-पृथ्वी के लैग्रेंज प्वाइंट 2 (L2) पर स्थापित किया जाएगा। इससे इसे हबल टेलीस्कोप के मुकाबले 100 गुना ज्यादा चौड़ा नजारा देखने को मिलेगा।
अपनी इस ताकत से रोमन टेलीस्कोप अरबों आकाशगंगाओं का नक्शा तैयार करेगा। साथ ही, यह हमारे सौरमंडल से लेकर अंतरिक्ष के दूर-दराज के कोनों तक हर चीज पर पैनी नजर रखेगा।
एक्सोप्लैनेट्स की तस्वीरें भी खींचेगा
रोमन का 5 साल का मिशन ब्रह्मांड के विस्तृत 3D नक्शे बनाने और अंतरिक्ष में मौजूद दृश्य प्रकाश वाले एक्सोप्लैनेट्स (सौर मंडल के बाहर के ग्रह) की तस्वीरें खींचने पर केंद्रित है। ऐसा काम पहले किसी भी टेलीस्कोप ने नहीं किया है।
इसकी बनावट कुछ इस तरह की गई है कि यह तारों की रोशनी से होने वाले हस्तक्षेप को कम कर देता है। इससे वैज्ञानिक यह पता लगा पाएंगे कि ग्रह आखिर बनते कैसे हैं।
दूसरे टेलीस्कोप्स के साथ करेगा काम
रोमन टेलीस्कोप अकेला काम नहीं करेगा। यह नासा के हबल और जेम्स वेब टेलीस्कोप के साथ-साथ यूरोप के यूक्लिड मिशन के साथ मिलकर काम करेगा।
अपनी सामूहिक ताकत का इस्तेमाल करते हुए ये सभी टेलीस्कोप यह जानने की उम्मीद कर रहे हैं कि ब्रह्मांड की शुरुआत कैसे हुई और आज भी यह कैसे चलायमान है।