नासा आज लॉन्च करेगा हबल से 100 गुना ताकतवर नैंसी स्पेस टेलीस्कोप
नासा का नैंसी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप रविवार (30 अगस्त) को स्पेस-X के फाल्कन हैवी रॉकेट से लॉन्च होगा। यह ब्रह्मांड के अध्ययन के लिए एक बड़े नए मिशन की शुरुआत है। यह टेलीस्कोप फ्लोरिडा में कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से भारतीय समयानुसार शाम लगभग 5 बजे उड़ान भरेगा।
4.3 अरब डॉलर (करीब 400 अरब रुपये) का यह मिशन अगले 5 से 10 साल तक डार्क मैटर और डार्क एनर्जी की खोज करेगा। यही वो रहस्यमय ताकतें हैं, जो हमारे ब्रह्मांड को आकार देती हैं और इसे लगातार फैला रही हैं।
एक्सोप्लैनेट्स का पता लगाएगा
रोमन टेलीस्कोप एक तरह से हबल का ही बहुत शक्तिशाली और एडवांस रूप है। इसमें ऐसा कैमरा लगा है, जो आसमान को 1,000 गुना तेजी से स्कैन कर सकता है और इंफ्रारेड रोशनी में 100 गुना ज्यादा बड़े इलाके को देख सकता है।
इसमें एक खास कोरोनोग्राफ भी है, जो तारों की तेज रोशनी को रोककर वैज्ञानिकों को धुंधले एक्सोप्लैनेट्स (दूसरे ग्रहों) को देखने में सक्षम बनाता है। इसकी मदद से हम अपने सौर मंडल से दूर ऐसे ग्रहों को खोज पाएंगे, जहां जीवन होने की संभावना है।
दिसंबर से शुरू करेगा अवलोकन
इस टेलीस्कोप का नाम नैन्सी ग्रेस रोमन के नाम पर रखा गया है, जो नासा की पहली मुख्य खगोलशास्त्री थीं। यह टेलीस्कोप इस बात का पता लगाएगा कि डार्क एनर्जी और डार्क मैटर ब्रह्मांड के विकास पर कैसे असर डालते हैं।
इसके अवलोकन दिसंबर से शुरू हो जाएंगे और 2027 में इसकी पहली शानदार तस्वीरें देखने को मिलेंगी।