नासा आर्टेमिस-II मिशन आगामी 1 अप्रैल को करेगी लॉन्च
क्या है खबर?
अंतरिक्ष एजेंसी नासा लंबे समय से अपने आर्टेमिस-II मिशन पर काम कर रही है। नासा का यह बड़ा अंतरिक्ष मिशन अब अगले महीने होने वाला है, जिसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस मिशन के लिए रॉकेट और स्पेसक्राफ्ट की जांच और परीक्षण लगातार किए जा रहे हैं। सभी जरूरी तकनीकी जांच पूरी होने के बाद मिशन को लॉन्च पैड पर भेजा जाएगा, ताकि आने वाले समय में इसकी लॉन्च प्रक्रिया शुरू की जा सके।
तारीख
1 अप्रैल को लॉन्च करने की योजना
नासा आर्टेमिस-II मिशन को 1 अप्रैल (भारतीय समय अनुसार 2 अप्रैल को सुबह 04:54 बजे) को लॉन्च करने की योजना बना रही है। यह लॉन्च अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से किया जाएगा। इससे पहले कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से मिशन में देरी भी हुई थी। इंजीनियरों ने रॉकेट में हाइड्रोजन फ्यूल लीक और हीलियम फ्लो से जुड़ी समस्या को ठीक किया है। सभी परीक्षण सफल होने के बाद रॉकेट को लॉन्च पैड पर भेजा जाएगा।
मिशन
क्या है आर्टेमिस-II मिशन?
आर्टेमिस-II नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम का पहला क्रू मिशन होगा। इस मिशन में चार अंतरिक्ष यात्रियों को चांद के चारों ओर भेजा जाएगा। यह मिशन लगभग 10 दिन तक चलेगा और इसमें अंतरिक्ष यात्री चांद के चारों ओर घूमकर वापस पृथ्वी पर लौटेंगे। मिशन के लिए नासा का स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट और ओरियन स्पेसक्राफ्ट इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे खास तौर पर इंसानों को पृथ्वी की कक्षा से आगे ले जाने के लिए बनाया गया है।
अहमियत
भविष्य के मिशनों के लिए अहम कदम
आर्टेमिस-II मिशन का मुख्य उद्देश्य इंसानों के साथ गहरे अंतरिक्ष में स्पेसक्राफ्ट सिस्टम की जांच करना है। इस मिशन के जरिए यह देखा जाएगा कि ओरियन अंतरिक्ष यान और SLS रॉकेट भविष्य के चंद्र मिशनों के लिए कितने तैयार हैं। नासा का लक्ष्य आगे चलकर इंसानों को चांद की सतह पर उतारना और लंबे समय में मंगल ग्रह तक इंसानी मिशन भेजने की तैयारी करना है। यह मिशन उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।