नासा ने स्पेस-X से 3 और अंतरिक्ष यात्री मिशन के लिए किया समझौता
नासा ने स्पेस-X के साथ अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए 3 और अंतरिक्ष यात्री मिशनों के लिए एक नया समझौता किया है। इस सौदे की कीमत 94.60 करोड़ डॉलर (करीब 8,900 करोड़ रुपये) है।
इस सौदे के बाद कंपनी 2030 तक अमेरिकी एजेंसी के अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में पहुंचाएगी। अब तक इसका कुल अनुबंध लागत बढ़कर 5.92 अरब डॉलर (करीब 550 अरब रुपये) हो गई है। 2020 में हरी झंडी मिलने के बाद से कंपनी अब नासा के कुल 17 मिशनों के लिए तैयार है।
एलन मस्क की कंपनी पर बढ़ी निर्भरता
अमेरिका ने अपना पुराना शटल प्रोग्राम बंद कर दिया था, जिसके बाद वह अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने के लिए निजी कंपनियों पर निर्भर है। ऐसे में स्पेस-X, स्पेस स्टेशन तक अंतरिक्ष यात्रियों को पहुंचाने और वहां वैज्ञानिक रिसर्च को जारी रखने के लिए बेहद अहम बन गई है।
नासा को हमेशा एक बैकअप की जरूरत होती है। बोइंग को भी इस काम में मदद करनी थी, लेकिन उनके स्टारलाइनर कैप्सूल से जुड़ी लगातार दिक्कतें आ रही हैं। इसी वजह से अभी ज्यादातर जिम्मेदारी एलन मस्क की कंपनी के कंधों पर है।