ब्लैक होल और आकाशगंगा की टक्कर ने गढ़ा अंतरिक्ष में ट्रेबल क्लेफ, नासा ने की खोज
नासा की चंद्र एक्स-रे वेधशाला (ऑब्जर्वेटरी) ने एक विशाल अंतरिक्ष संरचना के राज को उजागर किया है, जो देखने में बिल्कुल ट्रेबल क्लेफ जैसा लगता है।
आकाशगंगा के पीछे छिपी यह ब्रह्मांडीय ट्रेबल क्लेफ तब बनी, जब एक ब्लैक होल में विस्फोट हुआ और 2 आकाशगंगा समूह आपस में टकरा गए।
इस खोज से वैज्ञानिकों को यह समझने में आसानी होगी कि अंतरिक्ष में ऐसी अजीबो-गरीब आकृतियां आखिर कैसे बनती हैं?
एंड्रिया बोट्टन ने रखा रेडियो तरंगों का प्रस्ताव
इटली के नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एस्ट्रोफिजिक्स के एंड्रिया बोट्टन की अगुवाई वाली टीम का मानना है कि सबसे पहले एक सुपरमैसिव ब्लैक होल ने शक्तिशाली रेडियो तरंगें छोड़ी होंगी।
बाद में जब आकाशगंगा समूह टकराए तो उनसे निकली शॉक वेव ने इन रेडियो सिग्नलों को नई ऊर्जा दी होगी। इसी वजह से समय के साथ टेलीस्कोप के डाटा में ट्रेबल क्लेफ का आकार उभरता हुआ दिखा।
इसका नाम संगीत में इस्तेमाल होने वाले ट्रेबल क्लेफ चिह्न से मिलता-जुलता होने के कारण रखा गया है। यह पैरीडोलिया का एक बेहतरीन उदाहरण है।