नासा दे रहा नैंसी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप का एक हिस्सा पाने का मौका
नासा ने 'एडॉप्ट ए पिक्सल' नाम का एक कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के तहत अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी सभी लोगों को नैंसी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप से आने वाली पहली तस्वीरों में से एक प्रतीकात्मक पिक्सल चुनने का मौका दे रही है।
रोमन टेलीस्कोप आने वाले महीनों में अपनी पहली तस्वीरें भेजेगा और उससे पहले आप इस प्रोग्राम में साइन-अप कर सकते हैं। इसके बाद आपको अपना पिक्सल नंबर और एक सर्टिफिकेट मिलेगा।
इससे आपको महसूस होगा कि आप ब्रह्मांड को जानने में योगदान दे रहे हैं, भले ही यह केवल एक छोटा-सा हिस्सा क्यों न हो।
रोमन कैमरे में हैं 28.80 करोड़ पिक्सल
रोमन टेलीस्कोप के कैमरे में 28.80 करोड़ पिक्सल लगे हैं। यह पूरे चंद्रमा से भी बड़े आकाश के क्षेत्रों की तस्वीरें खींच सकता है और हबल टेलीस्कोप की तुलना में 100 गुना बड़े इलाकों का सर्वे कर सकता है।
हर एक पिक्सेल वैज्ञानिकों के लिए डार्क एनर्जी, अकाशगंगा और एक्सोप्लैनेट जैसी चीजों का अध्ययन करने में काम आता है। एक पिक्सल को अपनाकर आप विज्ञान को आम लोगों के लिए और आसान बना रहे हैं। यह दिखाता है कि छोटे-छोटे योगदान भी ब्रह्मांड के बड़े रहस्यों को खोलने में बहुत काम आ सकते हैं।
पिक्सल डिजिटल इमेज का एक छोटा-सा हिस्सा होता है। हालांकि, एस्ट्रोनॉमिकल कैमरे में पिक्सल केवल एक सुंदर तस्वीर बनाने से कहीं ज्यादा काम करते हैं। वे अंतरिक्ष में मौजूद चीजों से आने वाली रोशनी को रिकॉर्ड करते हैं।