नासा के हबल स्पेस टेलीस्कोप में खोला आकाशगंगाओं के समूह का राज
नासा के हबल स्पेस टेलीस्कोप ने हाल ही में MACS0329-0211 नाम के एक आकाशगंगा समूह की तस्वीर साझा की है। यह समूह ब्रह्मांड के सबसे बड़े 'आवर्धक लेंस' में से एक है।
अपने गुरुत्वाकर्षण बल के कारण यह समूह हमसे बहुत दूर मौजूद आकाशगंगाओं से आने वाली रोशनी को मोड़ देता है और उसे बड़ा करके दिखाता है।
इस प्रक्रिया को ग्रेविटेशनल लेंसिंग कहा जाता है। इसकी मदद से वैज्ञानिक यह जान पाते हैं कि ब्रह्मांड की इतनी विशाल संरचनाएं आखिर कैसे बनती और बदलती हैं।
तस्वीरों से अदृश्य पदार्थ के मिले संकेत
हबल की इस खास तस्वीर में चमकदार एलिप्टिकल आकाशगंगाएं, शानदार भुजाओं वाली स्पाइरल गैलेक्सियां और दूसरी कई तरह की आकाशगंगाएं नजर आती हैं। तस्वीर के बैकग्राउंड में आप कुछ धुंधले चाप और घुमावदार आकृतियां देख सकते हैं। ये असल में बहुत दूर मौजूद आकाशगंगाएं हैं, जिनकी रोशनी समूह के भारी-भरकम गुरुत्वाकर्षण बल के कारण मुड़ गई है।
यह बारीकी से लिया गया दृश्य हबल के विजिबल और इंफ्रारेड कैमरों की मदद से मिला है। इससे खगोलविदों को इस अंतरिक्ष के हिस्से में छिपे उस पदार्थ के नए सुराग हाथ लगते हैं, जिसे सीधे तौर पर नहीं देखा जा सकता।