LOADING...
रक्षा मंत्री का स्पष्ट संदेश, बोले- आतंकियों के आकाओं तक नहीं पहुंचेगा सिंधु नदी का पानी
सिंधु जल संधि को लेकर राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है

रक्षा मंत्री का स्पष्ट संदेश, बोले- आतंकियों के आकाओं तक नहीं पहुंचेगा सिंधु नदी का पानी

लेखन आबिद खान
Jun 13, 2026
09:34 am

क्या है खबर?

भारत ने एक बार फिर सिंधु नदी के पानी को लेकर पाकिस्तान को साफ संदेश दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को पाकिस्तान के समर्थन की निंदा करते हुए कहा कि सरकार आतंकवाद प्रायोजित करने वालों तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने देगी। उन्होंने कहा, "सिंधु जल संधि को निलंबित करके हमने यह संदेश दिया था कि जिनके आंसू सूख गए हैं, उन्हें हमसे पानी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।"

बयान

रक्षा मंत्री बोले- शांति की भाषा नहीं समझने वालों को जवाब देना जानते

हैदराबाद में एक कार्यक्रम में राजनाथ ने कहा, "'ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से सरकार ने दुनिया को दिखा दिया है कि वह उन लोगों को जवाब देना जानती है जो शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझते हैं। हम सिंधु नदी का पानी आतंकवादियों और मानवता के दुश्मनों के संरक्षकों तक नहीं पहुंचने देंगे। सरकार ने स्पष्ट कहा है कि अगर भारत के खिलाफ आतंकवादी हमले किए जाते हैं तो वह पाकिस्तान को अनाज और पानी की आपूर्ति रोक देगी।"

संधि

पहलगाम हमले के बाद भारत ने रद्द की थी सिंधु जल संधि

भारत ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। भारत ने कहा था कि खून और पानी साथ नहीं बह सकता। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत को 4 पत्र लिखकर संधि पर चर्चा का अनुरोध किया था। इस संधि के तहत सिंधु घाटी में बहने वाली 3 पूर्वी नदियों (रवि, सतलज, व्यास) पर भारत का, जबकि 3 पश्चिमी नदियों (सिंधु, झेलम, चिनाब) पर पाकिस्तान का अधिकार है।

Advertisement