नासा के रोवर को मंगल पर मिले 7 नए कार्बनिक अणु, जीवन के संकेत हुए मजबूत
नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने हाल ही में मंगल ग्रह की एक चट्टान के नमूने में 7 नए कार्बनिक अणु (ऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स) खोजे हैं। यह अब तक मंगल पर पाए गए कार्बन आधारित यौगिकों का सबसे अलग और विविध बैच है।
ये खोजें बताती हैं कि प्राचीन मंगल पर जीवन के लिए जरूरी रासायनिक तत्व मौजूद थे। हालांकि, वैज्ञानिक अभी भी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि ये अणु जीवित चीजों से बने थे या फिर केवल प्राकृतिक प्रक्रियाओं का नतीजा थे।
नमूने में मिला नाइट्रोजन हेटेरोसाइकिल
यह चट्टान का नमूना माउंट शार्प नाम की जगह से मिला है। इस इलाके में कभी पुरानी झीलें हुआ करती थीं, जिन्होंने अपने पीछे ऐसी मिट्टी छोड़ी थी, जो कार्बनिक पदार्थों को सहेजकर रखने में बहुत अच्छी है। जो नई चीजें मिली हैं, उनमें एक नाइट्रोजन हेटेरोसाइकिल भी है।
वैज्ञानिकों को लगता है कि यह DNA और RNA जैसे महत्वपूर्ण तत्वों के शुरुआती बिल्डिंग ब्लॉक हो सकते हैं।
क्यूरियोसिटी में लगी लैब की मदद से हमें यह जानने को मिल रहा है कि पुराने समय में मंगल ग्रह पर रासायनिक प्रक्रियाएं कैसे काम करती थीं और भविष्य के मिशनों को आगे क्या खोजना चाहिए?