Page Loader
नासा और बोइंग ने पूरा किया स्टारलाइनर का दूसरा परीक्षण
नासा ने पूरा किया स्टारलाइनर का दूसरा परीक्षण (तस्वीर: नासा)

नासा और बोइंग ने पूरा किया स्टारलाइनर का दूसरा परीक्षण

Jul 31, 2024
12:19 pm

क्या है खबर?

नासा और बोइंग के इंजीनियर एक साथ मिलकर लगातार स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान की तकनीकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। अंतरिक्ष एजेंसी ने अब बोइंग के साथ मिलकर दूसरा डॉक्ड स्टारलाइनर हॉट फायर परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। प्रारंभिक परिणामों से पता चलता है कि सभी परीक्षण किए गए थ्रस्टर थ्रस्ट और चैम्बर दबाव के आधार पर प्रीफ्लाइट स्तरों पर वापस आ गए हैं। इससे संकेत मिलता है कि स्टारलाइनर पृथ्वी पर वापस आ सकता है।

यात्री

करीब 2 महीने से फंसे हुए हैं अंतरिक्ष यात्री

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स अपने साथी बुच विल्मोर के साथ करीब 2 महीने से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) में फंसी हुई हैं। टीमें स्टारलाइनर की धरती पर वापसी को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रही हैं। विल्मोर और विलियम्स भी अभियान में काम कर रहे है और विज्ञान जांच और रखरखाव गतिविधियों में सहायता कर रहे हैं। बता दें, स्टारलाइनर के थ्रर्स्टर में समस्या के कारण यान निर्धारित समय पर वापस पृथ्वी पर नहीं आया है।

समय

कब तक वापस आएंगे दोनों अंतरिक्ष यात्री? 

नासा अभी भी दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को ठीक तरह से पृथ्वी पर वापस लाने के लिए प्रयास कर रही है। अंतरिक्ष एजेंसी की तरफ से दोनों यात्रियों के वापसी को लेकर आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन अनुमान जताया जा रहा कि अगस्त में दोनों अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर वापस आ सकते हैं। नासा 18 अगस्त को क्रू-9 मिशन लॉन्च करने वाली है, उससे पहले दोनों यात्री वापस आ सकते हैं।