Page Loader
नासा के बोइंग स्टारलाइनर मिशन का लॉन्च टला, रॉकेट में आई समस्या
नासा ने स्थगित किया बोइंग स्टारलाइनर मिशन का लॉन्च (तस्वीर: ULA)

नासा के बोइंग स्टारलाइनर मिशन का लॉन्च टला, रॉकेट में आई समस्या

May 07, 2024
08:32 am

क्या है खबर?

अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने आज (7 मई) लॉन्च से 2 घंटे पहले अपने स्टारलाइनर मिशन के लॉन्च को कुछ समय के लिए टाल दिया है। लॉन्च को रॉकेट में तकनीकी समस्या के कारण स्थगित किया गया है। बोइंग के नए वाणिज्यिक अंतरिक्ष यान स्टारलाइनर को भारतीय समयानुसार आज सुबह 08:34 बजे लॉन्च किया जाना था। नई लॉन्च तिथि की घोषणा नहीं की गई है। इस यान में भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स भी अंतरिक्ष में जाने वाली थीं।

समस्या

क्या हुई समस्या?

नासा के अनुसार, लॉन्च से ठीक पहले रॉकेट का मुआयना करने के दौरान पाया गया कि इसके ऑक्सीजन रिलीफ वाल्व में कुछ समस्या है। इसी वजह से तकनीकी समस्या दूर होने तक लॉन्च को स्थगित कर दिया गया है। बता दें, यूनाइटेड लॉन्च अलायंस द्वारा निर्मित रॉकेट एटलस V ने 2002 से 100 प्रतिशत सफलता दर के साथ मिशन लॉन्च किए हैं, लेकिन यह अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इसका पहला मिशन है।

खासियत

अंतरिक्ष यान की क्या है खासियत?

इस मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी यूजीन बुच विल्मोर एक अंतरिक्ष यान में सवार होकर अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए रवाना होंगे। स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान को एक समय में 7 यात्रियों या चालक दल और कार्गो को अंतरिक्ष में ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह 5 मीटर लंबा और 4.6 मीटर चौड़ा है। इसे पुन: उपयोग करने योग्य बनाया गया है और 10 बार तक उड़ान भर सकता है।