नासा ने आर्टेमिस-III चंद्र मिशन के लिए 4 अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का किया ऐलान
नासा ने 2027 में लॉन्च होने वाले आर्टेमिस-III मिशन के लिए 4 अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस दल में रैंडी ब्रेसनिक, फ्रैंक रुबियो, आंद्रे डगलस और लुका पारमिटानो शामिल हैं।
ये अंतरिक्ष यात्री धरती की कक्षा में पहुंचकर एक अनोखा परीक्षण करेंगे। वे स्पेस-X और ब्लू ओरिजिन के चंद्र लैंडर्स को धरती की कक्षा में एक साथ जोड़ने (डॉकिंग) का अभ्यास करेंगे। चंद्रमा पर इंसानों को फिर से उतारने की दिशा में यह एक बड़ा और अहम कदम है।
कितने अनुभवी हैं चुने गए अंतरिक्ष यात्री
रैंडी ब्रेसनिक इस मिशन के कमांडर होंगे। उनके नाम 3 अंतरिक्ष मिशनों का अनुभव है और वे स्पेसवाक में बेहद कुशल माने जाते हैं। फ्रैंक रुबियो ने अंतरिक्ष में लगातार 371 दिन बिताने का अमेरिकी रिकॉर्ड बनाया है, वहीं टीम के नए सदस्य आंद्रे डगलस नासा और कोस्ट गार्ड से इंजीनियरिंग के नए कौशल लेकर आए हैं। इसके अलावा, लुका पारमिटानो आर्टेमिस मिशन में शामिल होने वाले पहले यूरोपीय अंतरिक्ष यात्री होंगे।
अगर, सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो यह मिशन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी को 1972 के बाद पहली बार चंद्रमा पर मानवयुक्त लैंडिंग का मार्ग प्रशस्त करेगा और भविष्य के गहरे अंतरिक्ष मिशनों के लिए भी नए द्वार खोलेगा।