मस्क-ऑल्टमैन ने किया AI विकास की रफ्तार धीमी करने का समर्थन, डारियो अमोदेई की मांग
क्या है खबर?
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन और टेस्ला प्रमुख एलन मस्क ने एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई की मांग का समर्थन किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम पर नियंत्रण खोने के जोखिम से बचने के लिए AI उद्योग को विकास की रफ्तार धीमी करनी चाहिए। ऑल्टमैन ने इसका समर्थन करते हुए कहा कि हाल के सप्ताह में कंपनी में फ्रंटियर AI विकास की रफ्तार धीमी करने पर चर्चा हुई है।
चर्चा
OpenAI में शुरू हुई इसको लेकर चर्चा
ऑल्टमैन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं डारियो की इस बात से सहमत हूं कि हमें फ्रंटियर (AI के नए और एडवांस डेवलपमेंट) की रफ्तार को नियंत्रित करने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "हाल के सप्ताहों में OpenAI में हमारी चर्चाओं का यह एक मुख्य विषय रहा है। कर्मचारियों जैसी एक्सेस वाले स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ताओं को शामिल करने का विचार बहुत अच्छा है और हम भी ऐसा ही करेंगे। हम जल्द ही इस बारे में और जानकारी देंगे।"
समर्थन
मस्क ने क्या कहा?
एलन मस्क ने भी अमोदेई के सुझाव का समर्थन करते हुए लिखा, "डारियो सही हैं।"
AI के बेतहाशा विकास और इस्तेमाल को लेकर कई तकनीकी विशेषज्ञों की चिंता के बीच अमोदेई ने शनिवार को उद्योग से इसकी रफ्तार धीमी करने की वकालत की।
अपनी योजना के तहत उन्होंने कहा कि एंथ्रोपिक थर्ड-पार्टी मूल्यांकनकर्ताओं को अपने सिस्टम का स्थायी और कर्मचारी-स्तर का एक्सेस देगी। वे सुरक्षा उपायों के पालन की पुष्टि कर सकें, घटनाओं की रिपोर्ट कर सकें।
तर्क
मांग के पीछे दिया यह तर्क
एक लेख में अमोदेई ने तर्क दिया कि हालांकि, AI जीवन की गुणवत्ता में काफी सुधार कर सकता है, लेकिन इसमें बड़े जोखिम भी हैं।
उन्होंने कहा कि वे AI मॉडल के विकास की गति धीमी करने की वकालत कर रहे हैं क्योंकि बेरोकटोक प्रगति अंततः ऐसे सिस्टम को नियंत्रित करने की इंसान की क्षमता से आगे निकल सकती है।
उन्होंने AI के विकास की रफ्तार धीमी करने के लिए 3 चरणों वाला एक प्लान भी दिया है।