मूनशॉट ने उतारा दमदार किमी K3 माॅडल, OpenAI और एंथ्रोपिक को मिलेगी टक्कर
चीन की एक स्टार्टअप कंपनी मूनशॉट AI ने अपना अब तक का सबसे बड़ा और दमदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल किमी K3 लॉन्च कर दिया है। यह मॉडल OpenAI के GPT-5.6 सोल और एंथ्रोपिक के क्लाउड फेबल 5 को टक्कर देने के लिए तैयार किया गया है।
हालांकि, मूनशॉट खुद मानता है कि उसने अभी पूरी तरह से बराबरी नहीं की है, फिर भी कंपनी को अपने तेज प्रतिक्रिया समय और बेहतर हार्डवेयर दक्षता पर गर्व है।
किमी K3 ने SWE मैराथन में टॉप किया
किमी K3 ने SWE मैराथन टेस्ट में 42.0 के स्कोर के साथ टॉप किया। इसने GPT-5.6 सोल (39.0) और क्लाउड फेबल 5 (35.0) दोनों को पीछे छोड़ दिया।
हालांकि, तर्क क्षमता (रीजनिंग स्किल्स) के मामले में क्लाउड फेबल 5 अभी भी अव्वल है, वहीं कोडिंग के कामों में GPT-5.6 सोल को थोड़ी बढ़त हासिल है।
इस मॉडल की सबसे बड़ी खूबी यह है कि किमी में करीब 3,000 अरब पैरामीटर्स हैं, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा ओपन-वेट मॉडल बनाते हैं।
साथ ही, अपनी 10 लाख-टोकन कॉन्टेक्स्ट विंडो की वजह से यह बड़े-बड़े प्रॉम्प्ट्स को भी आसानी से संभाल सकता है।