कर्नाटक में बच्चों के लिए बैन हो सकता है मोबाइल, जानिए क्यों उठाया जा रहा कदम
क्या है खबर?
कर्नाटक सरकार स्कूलों और कॉलेजों में 16 वर्ष से कम आयु के छात्रों के लिए मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है। यह कदम बच्चों में सोशल मीडिया की बढ़ती लत को लेकर चिंताओं के मद्देनजर उठाया जा रहा है। राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव पर सरकारी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की राय मांगी है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि बच्चे नशे और सोशल मीडिया की लत का शिकार हो रहे हैं।
कारण
मुख्यमंत्री ने बताया- क्यों जरूरी है प्रतिबंध
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने छात्रों में सोशल मीडिया के बढ़ते जुनून पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे व्यवहार, शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है और इसकी लत का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा, "ऑस्ट्रेलिया जैसे कई अन्य देशों की तर्ज पर छात्रों के लिए मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जा रहा है। हम 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए इस पर विचार कर रहे हैं।"
राय
कुलपतियों की ली जाएगी राय
कुलपतियों को संबोधित करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि यह मामला विचाराधीन है और उनकी राय महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रस्ताव 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों पर लागू होगा, वयस्कों पर नहीं। पिछले दिनों इलेक्ट्रॉनिक्स और IT/BT मंत्री प्रियांक खर्गे ने विधानसभा को बताया कि राज्य सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार कर रही है, विशेष रूप से बच्चों को ध्यान में रखते हुए।