AI अब आपकी यादों से भी कर रहा छेड़छाड़, MIT के शोध से खुलासा
मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान (MIT) के शोधकर्ताओं ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अगर, कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से एडिट की गई तस्वीरें देखता है तो उसकी यादें बदल सकती हैं।
अपने अध्ययन के दौरान उन्होंने देखा कि जिन लोगों को AI द्वारा बदली गई तस्वीरें दिखाई गईं, उन्हें उन तस्वीरों में ऐसी बातें भी याद आने लगीं, जो असल में कभी थीं ही नहीं।
हैरानी की बात यह थी कि वे अपनी इन गलत यादों पर काफी यकीन भी कर रहे थे। साफ है कि AI से बदली गई तस्वीरें लोगों की याददाश्त को आसानी से धोखा दे सकती हैं।
नकली कंटेंट पकड़ने वाले टूल काफी नहीं
यह मामला केवल लैब तक ही सीमित नहीं है। AI की वजह से यादों में होने वाली यह गड़बड़ एक बड़ी समस्या बन सकती है, खासकर तब जब इसका इस्तेमाल कई अहम जगहों पर बढ़ता जा रहा है।
ऐसे कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जहां AI से मिली गलत जानकारी की वजह से गंभीर गलतियां हुईं। उदाहरण के लिए, पुराने डाटा पर आधारित एक सैन्य हमले की घटना इसका सबूत है। नकली या बदली हुए कंटेंट को पहचानने वाले टूल उतने प्रभावी नहीं हैं। यही वजह है कि विशेषज्ञ आगाह करते हैं कि हमें अपनी यादों और महत्वपूर्ण फैसलों को AI से होने वाली गलतियों से बचाने के लिए और भी बेहतर तरीके खोजने होंगे।