माइक्रोसॉफ्ट की एक्सबॉक्स सर्विस डाउन, हजारों यूजर्स हुए प्रभावित
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट की एक्सबॉक्स सर्विस के यूजर्स आज (27 जुलाई) आउटेज के कारण तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, इस आउटेज को लेकर बड़े स्तर पर यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई है। समस्या शुरू होने के कुछ ही देर बाद 3,000 से ज्यादा रिपोर्ट सामने आ गईं। इस दौरान कई खिलाड़ी गेम लॉन्च नहीं कर सके और उन्हें 0x87e107df एरर कोड भी दिखाई दिया, जिससे ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं।
एरर कोड
क्या है 0x87e107df एरर कोड?
यह एरर कोड आमतौर पर तब दिखाई देता है, जब एक्सबॉक्स लाइव किसी डिजिटल गेम की खरीद या लाइसेंस की पुष्टि नहीं कर पाता है।
ऐसा सर्वर में खराबी या अस्थायी नेटवर्क समस्या के कारण हो सकता है। ऐसे समय में इंटरनेट सही होने के बावजूद भी डिजिटल गेम शुरू नहीं होते।
रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट ने खबर लिखे जाने तक इस खराबी की वजह या पूरी तरह ठीक होने का समय साझा नहीं किया था।
परेशानी
गेम लॉन्च करने में आई परेशानी
कई यूजर्स ने बताया कि उनका एक्सबॉक्स इंटरनेट से जुड़ा होने के बावजूद गेम शुरू नहीं हो रहा था।
कुछ लोगों को नेटवर्क से जुड़े एरर मैसेज दिखाई दिए, जबकि कई यूजर्स लाइसेंस की पुष्टि नहीं होने की समस्या से परेशान रहे। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने शिकायतें साझा की हैं।
कई लोगों ने बताया कि कंसोल रीस्टार्ट करने और इंटरनेट दोबारा जोड़ने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई।
सलाह
माइक्रोसॉफ्ट ने क्या सलाह दी?
माइक्रोसॉफ्ट ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे पहले अपने एक्सबॉक्स को ऑफलाइन मोड में करें, फिर कंसोल रीस्टार्ट करके दोबारा इंटरनेट से कनेक्ट करें।
इसके साथ ही आधिकारिक एक्सबॉक्स सर्विस स्टेटस पेज पर जाकर सर्वर की स्थिति भी जांचें।
अगर समस्या सर्वर से जुड़ी है, तो यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट की ओर से इसे ठीक किए जाने तक इंतजार करना पड़ सकता है। तब तक कुछ ऑनलाइन सेवाएं और डिजिटल गेम प्रभावित रह सकते हैं।