माइक्रोसॉफ्ट का PBC टूल 6 सप्ताह पहले देगा मौसम का 98 फीसदी सटीक पूर्वानुमान
माइक्रोसॉफ्ट और सहयोगी संस्थानों के शोधकर्ताओं ने मिलकर एक मशीन लर्निंग टूल बनाया है। इसे प्रोबेबिलिस्टिक बायस करेक्शन (PBC) नाम दिया गया है।
यह टूल अगले 2 से 6 सप्ताह के मौसम के पूर्वानुमान को और भी सटीक बना सकता है। टेस्टिंग के दौरान PBC ने 98 फीसदी बारिश से जुड़े पूर्वानुमानों को बेहतर बनाया, वहीं तापमान से जुड़े 92 फीसदी पूर्वानुमान भी इससे कहीं ज्यादा सटीक हुए।
किसानों के लिए यह काफी अहम हो सकता है। उन्हें अपनी फसल बोने और सिंचाई करने के लिए सही समय की जानकारी चाहिए होती है, जिसमें यह टूल उनकी मदद करेगा।
ओपन-सोर्स टूल है PBC
अगर, PBC भारत में सफलतापूर्वक काम करता है तो इससे किसानों को अपनी खेती की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह आपदा प्रबंधन टीमों को भी खराब मौसम से निपटने के लिए ज्यादा समय देगा।
अच्छी बात यह भी है कि PBC एक ओपन-सोर्स टूल है और इसे सामान्य कंप्यूटर्स पर भी चलाया जा सकता है। इससे मौसम विभाग भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। नतीजतन पूरे देश में लोगों को सटीक मौसम की जानकारी आसानी से मिल पाएगी।