AI से सभी को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह, माइक्रोसॉफ्ट के अधिकारी का दावा
माइक्रोसॉफ्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रमुख मुस्तफा सुलेमान का कहना है कि AI के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह हर किसी को मिल पाएगी, फिर चाहे कोई कहीं भी रहता हो या उसकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो।
उनके हिसाब से स्वास्थ्य सेवा का क्षेत्र AI के लिए सबसे बड़ी संभावना है क्योंकि यह आज के मुकाबले बहुत कम खर्च में विशेषज्ञ स्तर की सलाह दे सकता है।
AI से पूछे 40 फीसदी सवाल सेहत से जुड़े
सुलेमान बताते हैं कि दुनिया के सबसे बेहतरीन चिकित्सकों और आम मरीजों के बीच इलाज की गुणवत्ता में अब भी काफी बड़ा अंतर है और यह बात अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी साफ दिखती है।
उनका मानना है कि AI लोगों को उनके स्मार्ट गैजेट्स पर ही हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के बराबर की भरोसेमंद चिकित्सकीय जानकारी देकर इस खाई को पाट सकता है।
खास बात यह है कि माइक्रोसॉफ्ट के AI से पूछे गए 40 प्रतिशत सवाल सेहत से जुड़े होते हैं। सुलेमान सोचते हैं कि भविष्य में AI पर आधारित स्वास्थ्य सलाह हर महीने करीब 20 डॉलर (करीब 1,800 रुपये) में उपलब्ध हो पाएगी, जिससे लाखों लोगों को फायदा होगा और पेशेवर चिकित्सकों को भी उनके काम में सहायता मिलेगी।