माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स और एक्सचेंज ऑनलाइन जैसी सेवाएं हाल ही में 36 घंटे से भी ज्यादा समय तक ठप रहीं, जिससे दुनियाभर के यूजर्स को काफी परेशानी हुई।
अगर, आपका बिजनेस माइक्रोसॉफ्ट 365 का इस्तेमाल करता है और इस रुकावट से प्रभावित हुआ है तो पात्र कमर्शियल माइक्रोसॉफ्ट 365 ग्राहक सर्विस क्रेडिट का फायदा उठा सकते हैं।
ये क्रेडिट माइक्रोसॉफ्ट के सर्विस लेवल एग्रीमेंट के तहत मिलेंगे और भविष्य के बिलों पर छूट की तरह काम करेंगे। एक बात का ध्यान रखें कि ये कैश रिफंड नहीं हैं, बल्कि ये आपके भविष्य के सब्सक्रिप्शन चार्जेज पर क्रेडिट के तौर पर दिखेंगे।
क्रेडिट का दावा कैसे करें?
अपने क्रेडिट पाने के लिए सबसे पहले माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में लॉग-इन करें और जांचें कि कौनसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट सपोर्ट से संपर्क करें और उन्हें रुकावट से जुड़ी पूरी जानकारी दें।
इसमें उन सेवाओं का जिक्र करें, जो ठप पड़ी थीं और 12 नवंबर से जुड़े EX1550543 जैसे इंसिडेंट कोड भी बताएं। अगर, आप क्लाउड सॉल्यूशन प्रोवाइडर का इस्तेमाल करते हैं तो आपको उनके जरिए ही क्रेडिट के लिए दावा करना होगा।
क्रेडिट का दावा 31 दिसंबर तक किया जा सकता है, लेकिन यह भी ध्यान रखें कि आप साफ तौर पर यह डॉक्यूमेंट करें कि इस डाउनटाइम से आपके बिजनेस को कितना नुकसान हुआ, ताकि माइक्रोसॉफ्ट इसकी ठीक से समीक्षा कर सके।