अरबों रुपये के नुकसान के बाद अब मेटा हार्डवेयर क्षेत्र में बढ़ाएगी दायरा
मेटा अगले साल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) संचालित पेंडेंट का परीक्षण शुरू करने वाला है। इसके साथ ही, कंपनी वियरेबल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपना दायरा बढ़ा रही है।
कंपनी बिजनेस यूजर्स के लिए 'वियरेबल्स फॉर वर्क' पर भी काम कर रही है और अपने AI चश्मों की रेंज का भी विस्तार कर रही है। कठिन वित्तीय दौर से निकलने के बाद फेसबुक की मूल कंपनी अपने हार्डवेयर डिविजन में फिर से जान फूंकने की कोशिश कर रही है और ये सारी कवायद उसी का हिस्सा है।
रियलिटी लैब्स को हुआ भारी नुकसान
मेटा की हार्डवेयर टीम, रियलिटी लैब्स को एक तिमाही में 4.03 अरब डॉलर (करीब 370 अरब रुपये) का भारी नुकसान हुआ, जबकि उसकी कमाई केवल 40.20 करोड़ डॉलर (करीब 3,700 करोड़ रुपये) रही।
हालात सुधारने के लिए मेटा ने 2026 की दूसरी छमाही तक एक करोड़ वियरेबल डिवाइसेज बेचने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए मेटा ने AI चश्मों के लिए रे-बैन और ओकले के साथ साझेदारी की है।
इसके अलावा, कंपनी ने लिमिटलेस नाम का एक स्टार्टअप भी खरीदा है, जो एक ऐसा पेंडेंट बनाती है, जो बातचीत को रिकॉर्ड और ट्रांसक्राइब करता है। मेटा चाहती है कि इसके जरिए वह अपने उत्पादों की रेंज को और बेहतर बना सके।