मेटा ने हटाए 7 लाख से ज्यादा इंस्टाग्राम-फेसबुक अकाउंट, जानिए वजह
क्या है खबर?
मेटा ने ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के यूजर्स से जुड़े 7 लाख से ज्यादा इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट हटा दिए हैं। कंपनी के मुताबिक, दिसंबर से जून के बीच 4.62 लाख संदिग्ध कम उम्र वाले इंस्टाग्राम अकाउंट और 2.94 लाख फेसबुक अकाउंट निष्क्रिय किए गए। यह संख्या जनवरी तक हटाए गए अकाउंट की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। ऑस्ट्रेलिया में 10 दिसंबर से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक लागू है।
पहचान
AI से कम उम्र के यूजर्स की पहचान
मेटा कम उम्र के यूजर्स की पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और दूसरे तकनीकी साधनों का इस्तेमाल कर रहा है।
कंपनी सिर्फ जन्मतिथि की जानकारी पर निर्भर नहीं रहती, बल्कि प्रोफाइल और गतिविधियों से भी संकेत तलाशती है। इनमें जन्मदिन मनाने की पोस्ट, स्कूल की कक्षा या ग्रेड से जुड़े संदर्भ और दूसरे यूजर्स की शिकायतें शामिल हैं।
कम उम्र के कारण अकाउंट हटने के बाद दोबारा नया अकाउंट बनाने पर भी रोक लगाने के उपाय किए गए हैं।
निगरानी
सरकार ने बढ़ाई सोशल मीडिया पर निगरानी
मेटा के नए आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब ऑस्ट्रेलिया सोशल मीडिया कंपनियों पर निगरानी बढ़ा रहा है।
देश का इंटरनेट नियामक यह जांच रहा है कि प्लेटफॉर्म ने कम उम्र के यूजर्स को सेवाओं से दूर रखने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं या नहीं। मेटा ने पहले इस कानून का विरोध किया था।
कंपनी ने कहा कि उसकी कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में हटाए गए अकाउंट की संख्या बढ़ सकती है।
जुर्माना
नियम तोड़ने पर बढ़ सकता है जुर्माना
ऑस्ट्रेलिया अब नियमों का पालन नहीं करने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
सरकार अधिकतम जुर्माने को बढ़ाकर करीब 9.9 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर करने पर विचार कर रही है। मेटा, टिक-टॉक, गूगल और स्नैपचैट के प्रतिनिधि संसदीय जांच के सामने भी पेश होंगे।
ऑस्ट्रेलिया के इस कदम पर दूसरे देश भी नजर रख रहे हैं, क्योंकि कई सरकारें बच्चों के लिए इसी तरह की उम्र सीमा लागू करने पर विचार कर रही हैं।