मेटा ने यूजर्स के विरोध के बाद इंस्टाग्राम से AI इमेज फीचर हटाया
क्या है खबर?
मेटा अपने हाल ही में लॉन्च किए गए नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इमेज जनरेशन टूल 'म्यूज इमेज' को लेकर विवादों में आ गई है। दरअसल, कोई भी व्यक्ति इसका इस्तेमाल करके उन लोगों की तस्वीरें बना सकता था, जिनका इंस्टाग्राम अकाउंट पब्लिक है, इसके लिए बस उन्हें प्रॉम्प्ट में टैग करना होता था। लोगों की नाराजगी और आलोचना के बाद मेटा ने इस फीचर को पूरी तरह से हटाने का फैसला किया है।
फीडबैक
यूजर्स के फीडबैक के बाद लिया फैसला
एक ब्लॉग पोस्ट में टेक कंपनी ने पुष्टि की है कि वह म्यूज इमेज से इस खास फीचर को हटा रही है। मेटा ने लिखा, "हमारा मकसद एक काम का क्रिएटिव टूल देना था और लोगों को यह कंट्रोल देना था कि क्या उनके पब्लिक कंटेंट का इस तरह इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं।" ऑनलाइन फीडबैक मिलने के बाद टेक कंपनी ने माना कि उसने सही फैसला नहीं लिया था और इसे बंद कर दिया गया।
प्राइवेसी
यूजर्स को थी प्राइवेसी को लेकर चिंता
इस फीचर को लेकर यह चिंता थी कि पब्लिक इंस्टाग्राम अकाउंट डिफॉल्ट रूप से ऑप्ट-इन थे। इसे बंद करने के लिए आपको सेटिंग्स में जाकर मैनुअली इसकी अनुमति बंद करनी पड़ती थी। साथ ही, जब कोई किसी के इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल करके इमेज बनाता था तो मेटा यूजर्स को इसकी सूचना भी नहीं देता था। इससे यह डर पैदा हुआ कि कोई भी बिना मंजूरी के तस्वीरें बना सकता है, जिसका गलत इस्तेमाल हो सकता है।