मेटा ने मैक यूजर्स के लिए लॉन्च किया एडिट्स ऐप, क्या मिलेंगे फीचर्स?
क्या है खबर?
मेटा ने इंस्टाग्राम के वीडियो एडिटिंग ऐप एडिट्स को अब मैक यूजर्स के लिए भी लॉन्च कर दिया है। इसके आने से क्रिएटर्स को वीडियो तैयार करने के लिए सिर्फ मोबाइल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे कंप्यूटर की बड़ी स्क्रीन पर अपने प्रोजेक्ट को आसानी से संभाल सकेंगे। कंपनी ने इसमें कई ऐसे टूल शामिल किए हैं, जिनकी मदद से वीडियो में बारीकी से बदलाव करने और उसे बेहतर बनाने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
फीचर्स
वीडियो के साथ ऑडियो को भी कर सकेंगे एडिट
डेस्कटॉप ऐप में एक साथ कई वीडियो क्लिप और ऑडियो फाइलों को जोड़ने की सुविधा दी गई है।
इसमें टाइमलाइन के जरिए प्रोजेक्ट के अलग-अलग हिस्सों पर काम किया जा सकता है। वीडियो में बदलाव के लिए एनिमेशन और ट्रांजिशन के विकल्प भी मौजूद हैं। वहीं, ऑडियो वेवफॉर्म की मदद से क्रिएटर्स संगीत की लय के मुताबिक वीडियो के दृश्य काट सकेंगे।
इससे वीडियो और उसके बैकग्राउंड म्यूजिक को एक साथ मिलाना आसान होगा।
विकल्प
रंगों और वीडियो की बनावट बदलने के लिए नए विकल्प
मेटा ने वीडियो को बेहतर रूप देने के लिए रंगों में बदलाव करने वाले टूल भी जोड़े हैं। इनमें कलर व्हील, कर्व्स और लॉग कन्वर्जन शामिल हैं।
इसके अलावा, वीडियो के किसी हिस्से को अलग करने, छोटा करने और काटने की सुविधा भी मिलेगी। यूजर्स अपनी पसंद के फॉन्ट लगा सकेंगे और कीबोर्ड से शॉर्टकट का इस्तेमाल कर पाएंगे।
वीडियो तैयार होने के बाद उसे बिना वॉटरमार्क के सेव करने के साथ सीधे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया जा सकेगा।
यूजर्स
5 करोड़ से ज्यादा सक्रिय यूजर्स
मेटा ने पिछले साल एडिट्स ऐप को लॉन्च किया था।
कंपनी के मुताबिक, अब इसके 5 करोड़ से अधिक सक्रिय यूजर्स हैं। मैक पर नया वर्जन लाने के बाद कंपनी इसकी सुविधाओं को और बेहतर बनाने में जुटी है। आने वाले समय में यूजर्स को एक ही वीडियो प्रोजेक्ट पर मोबाइल और कंप्यूटर दोनों से काम करने का विकल्प भी मिल सकता है।
हालांकि, इसके आने की तारीख तय नहीं हुई है।