मेटा ला रही बिना कैमरे वाले नए लूना स्मार्ट ग्लासेज, वॉयस AI फीचर मिलेगा
मेटा अपने स्मार्ट ग्लासेज का एक नया वर्जन ला रहा है। इस बार इनमें कैमरा बिल्कुल नहीं दिया जाएगा। कंपनी ने यह फैसला अपने रे-बैन मेटा ग्लासेज को लेकर उठी प्राइवेसी की चिंताओं के बाद लिया है।
स्कूल जैसी कई जगहों पर इन ग्लासेज को बैन कर दिया गया था क्योंकि लोग बिना बताए रिकॉर्डिंग होने को लेकर परेशान थे।
अब नए लूना मॉडल का पूरा फोकस वॉयस आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स पर रहेगा। इसमें 6 माइक्रोफोन मिलेंगे और साथ ही एक साइड बटन भी दिया जाएगा, जिससे सीधे AI से बात की जा सकेगी।
प्राइवेसी की चिंता वालों को आएगा पसंद
मेटा को उम्मीद है कि लूना उन लोगों को पसंद आएगा, जो प्राइवेसी की परवाह करते हैं, लेकिन नई टेक्नोलॉजी भी पसंद करते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यूजर वीडियो रिकॉर्डिंग के बजाय स्मार्ट वॉयस कंट्रोल को चुनेंगे? आजकल प्राइवेसी से जुड़े मुद्दों को लेकर कई कंपनियों पर पैनी नजर है। ऐसे में लूना वियरेबल्स को मजेदार बनाए रखने और लोगों की निजी जगह का सम्मान करने का मेटा का अपना तरीका हो सकता है।