मेटा ने किशोरों के लिए इंस्टाग्राम-फेसबुक पर पेश किए सुरक्षा फीचर
मेटा ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कई नए फीचर्स पेश किए हैं। इनका मकसद किशोरों को ऑनलाइन बेहतर और स्वस्थ आदतें बनाने में मदद करना है।
ये अपडेट्स 18 अरब डॉलर (करीब 1,700 अरब रुपये) के उस मुकदमे के निपटारे के बाद आए हैं, जो युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और उनकी प्राइवेसी से जुड़ा था।
इस निपटारे के तहत अगले 10 सालों तक संबंधित राज्यों को पैसे दिए जाएंगे। इन पैसों का उपयोग युवाओं की ऑनलाइन सुरक्षा के प्रोग्राम और अन्य सरकारी योजनाओं में होगा।
नाइट मोड और अलर्ट भी जोड़े
इन बदलावों में सबसे खास ऑटोमैटिक नाइट मोड है। यह रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक फीड्स, स्टोरीज और रील्स को ब्लॉक कर देगा। सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नोटिफिकेशंस को डिफॉल्ट रूप से म्यूट किया जा सकेगा।
हालांकि, अकाउंट से जुड़ी जरूरी सुरक्षा सूचनाएं और डायरेक्ट मैसेज फिर भी आते रहेंगे। अगर, किशोर बहुत देर तक स्क्रॉल करते हैं तो उन्हें अलर्ट भी मिलेंगे। ये अलर्ट पहले 15 मिनट पर, फिर 60 और 90 मिनट पर दिए जाएंगे।
इसके अलावा, किशोर और उनके माता-पिता वीडियो के ऑटोप्ले फीचर को बंद कर पाएंगे। लाइक की संख्या भी अब छिपी रहेगी। मेटा का AI 13 साल से कम उम्र के अकाउंट्स को पहचानने के लिए और ज्यादा काम करेगा।
कंपनी ने बताया कि उसने व्यवहार, एल्गोरिदम और प्राइवेसी में ऐसे बड़े बदलाव लागू किए हैं, जिनसे युवाओं में अच्छी स्क्रीन आदतें विकसित होंगी और माता-पिता अपने बच्चों पर बेहतर नजर रख पाएंगे।